सरगी मेले में पंजाबियत का रंग, गिद्दा-टप्पों और पंजाबी विरासत ने बांधा समां, दस नवविवाहित जोड़ों ने सरगी थाली के साथ लिया आशीर्वाद, रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान

आगरा। श्री राम पार्क, जयपुर हाउस में पंजाबी विरासत संस्था की ओर से आयोजित सरगी मेले में पंजाबी संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं के रंग बिखरे। गिद्दा, टप्पे, बोलियां, पारंपरिक पंजाबी वेशभूषा और लजीज व्यंजनों ने मेले में पंजाबियत की जीवंत झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में आगरा के साथ फिरोजाबाद, हाथरस आदि स्थानों से आए 10 नवविवाहित जोड़ों ने हिस्सा लिया। सरगी थाली के साथ मां शांता कालरा से आशीर्वाद लेकर जोड़ों ने इस परंपरा से जुड़ने पर खुशी जताई। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

Oct 25, 2026 - 21:50
 0
सरगी मेले में पंजाबियत का रंग, गिद्दा-टप्पों और पंजाबी विरासत ने बांधा समां, दस नवविवाहित जोड़ों ने सरगी थाली के साथ लिया आशीर्वाद, रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान
जयपुर हाउस के श्रीराम पार्क में आयोजित पंजाबी विरासत के सरगी मेले में मौजूद केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, पूरन डावर और अन्य अतिथिगण। 

कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाबी विरासत के अध्यक्ष पूरन डाबर, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा, महासचिव बंटी ग्रोवर, भूपेश कालरा, नवीन अरोरा, महिला विंग की अध्यक्ष रानी सिंह, कुसुम महाजन, सुनंदा अरोड़ा, मोनिका सचदेवा, वर्षा सपरा, सुनीता मेहता और पल्लवी सलूजा ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन में शहर की अन्य गणमान्य हस्तियां भी उपस्थित रहीं।

पंजाबी परंपराओं ने मोहा मन

सरगी मेले में पंजाबी समाज की पारंपरिक रस्मों और सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने जन्म से लेकर युवावस्था और विवाह के बाद सरगी लेने तक के जीवन-क्रम को मंच पर साकार किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा और पंजाबी समाज की पारिवारिक परंपराओं से परिचित कराया।

रवि नारंग और रवि चावला के निर्देशन में छोटे बच्चों ने पंजाब की सांस्कृतिक झांकी प्रस्तुत की। लोकगीतों, गिद्दा, टप्पों और बोलियों के साथ पंजाबी पहनावे तथा व्यंजनों ने मेले के माहौल को उत्सवी बना दिया।

रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान

समाज सेवा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए श्रीमती रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, सुनिधि कपूर और दिव्यानी विज को उनकी प्रतिभा के लिए ‘राइजिंग स्टार’ सम्मान प्रदान किया गया।

मेले की संयोजिका रानी सिंह, कुसुम महाजन और सुनंदा अरोरा रहीं। आयोजन में कोषाध्यक्ष नवीन अरोरा, मीडिया प्रभारी भूपेश कालरा, मन्नू महाजन, सीताराम छाबड़ा, मयंक सचदेवा, किरण कपूर, अंजना असीजा, वर्षा सपरा, मोनिका सचदेव और सुनीता मेहता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुनंदा अरोड़ा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor