ओडिशा में गूंजा मनौना धाम का आध्यात्मिक संदेश: महंत ओमेंद्र महाराज ने कहा- ईश्वर पर अटूट भरोसा रखें
कांटाबांजी (ओडिशा)। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित मनौना धाम के महंत ओमेंद्र महाराज के प्रथम ओडिशा आगमन पर कांटाबांजी का श्री श्याम मंदिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। स्थानीय श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित बाबा श्याम के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने महंत ओमेंद्र महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भक्ति, सेवा, योग, ध्यान और मानव कल्याण का संदेश देते हुए असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को नया जीवन जीने की प्रेरणा दी तथा ईश्वर पर अटूट विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
महंत ओमेंद्र महाराज का यह पहला ओडिशा प्रवास होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रायपुर से कांटाबांजी पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष और भक्ति भाव के साथ उनका अभिनंदन किया। न केवल कांटाबांजी बल्कि नागपुर, विशाखापत्तनम, कटक, रांची सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु श्री श्याम मंदिर पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा श्याम की ज्योति प्रज्ज्वलन, विशेष पूजा-अर्चना और मंगल आरती के साथ हुआ। पूरे मंदिर परिसर में जय श्री श्याम के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में महंत ओमेंद्र महाराज ने कहा कि सच्ची श्रद्धा, निस्वार्थ सेवा और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने योग, ध्यान, प्राकृतिक एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने पर बल देते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महंत ओमेंद्र महाराज ने विभिन्न असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें सकारात्मक सोच के साथ नया जीवन जीने की प्रेरणा दी और विश्वास दिलाया कि ईश्वर पर अटूट आस्था व्यक्ति को हर कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति देती है।
श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि महंत ओमेंद्र महाराज का प्रथम ओडिशा प्रवास श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।