इजरायल और अमेरिका के हमले में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के साथ उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत,  ईरान के सरकारी मीडिया ने किया कन्फर्म, 40 दिनों का शोक घोषित, सात दिनों का अवकाश

ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने बताया कि ईरान के सुप्रीम लीडर शहीद हो गए हैं। इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में खामेनेई के मारे जाने की घोषणा की थी।

Mar 1, 2026 - 08:55
 0
इजरायल और अमेरिका के हमले में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के साथ उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत,  ईरान के सरकारी मीडिया ने किया कन्फर्म, 40 दिनों का शोक घोषित, सात दिनों का अवकाश

तेहरान। ईरान की सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायल और अमेरिका के हमले में मौत हो गई है। रविवार सुबह ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने बताया कि ईरान के सुप्रीम लीडर शहीद हो गए हैं। ईरान की तस्नीम और फार्स न्यूज एजेंसी ने भी खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में खामेनेई के मारे जाने की घोषणा की थी। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक खामेनेई, मर गए हैं।'

खामेनेई समेत उनके परिवार के चार और लोगों की मौत इस हमले में हो गई है। इनमें उनका दामाद, बहू, पोती और बेटी हैं। इसकी पुष्टि हो गई है। 

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि सरकार ने अली खामेनेई की हत्या के बाद 40 दिन का सार्वजनिक शोक घोषित किया है। इसके साथ ही देश में सात दिन की छुट्टी की भी घोषणा की है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने खामेनेई की हत्या के बारे में जानकारी दी है। खामेनेई को तेहरान स्थित उनके कंपाउंड में मारा गया। इसमें कहा गया है कि सुप्रीम लीडर की हत्या शनिवार सुबह उनके ऑफिस में उस समय कर दी गई, जब वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे। सैटेलाइट तस्वीरें में कंपाउंड से काला धुआं उठता हुआ दिखा।

ईरानी टेलीविजन पर सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर देते समय एंकर बयान पढ़ते ही रोने लगा। अल जजीरा टीवी ने बताया है कि खामेनेई की हत्या के बाद राजधानी तेहरा में लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। इस बीच राजधानी में एक बड़े धमाके की आवाज सुनी गई है।

अली खामेनेई ने 1989 में अपने पूर्ववर्ती अयातुल्ला रूहोल्लाह खुमैनी की मौत के बाद देश के सुप्रीम लीडर की कमान संभाली थी। रूहोल्लाह खुमैनी वो शख्स थे, जिन्होंने ईरान की क्रांति का नेतृत्व किया। लेकिन वो अली खामेनेई ही थे, जिन्होंने ईरान के मिलिट्री और पैरामिलिट्री सिस्टम को तैयार किया, जिसने न सिर्फ ईरान पर हमलों का मुकाबला किया बल्कि देश के बाहर भी जाकर प्रॉक्सी तैयार किए। सुप्रीम लीडर बनने से पहले खामेनेई ने 1980 के दशक में इराक के साथ खूनी युद्ध के दौरान राष्ट्रपति के तौर पर ईरान का नेतृत्व किया था। 

ईरानी सेना के नए कमांडर इन चीफ के नाम की घोषणा हो गई है। अहमद वाहिदी अब इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।  इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध की वजह से कई फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

खामेनेई के बाद अब ईरान की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, इसको लेकर किसी तरह की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्हें पता है कि उत्तराधिकारी कौन होगा। तेल अवीव से एक वीडियो सामने आया है। ईरानी हमले के बाद तेल अवीव में बिल्डिगों को काफी नुकसान पहुंचा है। ईरान ने यहां मिसाइल से हमला किया था।

इजरायल ने ईरान के 30 ठिकानों को निशाना बनाया है। इजरायली सेना ने एयर स्ट्राइक करते हुए सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है।