सिकन्दरा-बोदला रोड पर शोरूम की छत काटकर घुसे चोर, लाखों की नकदी और सामान किया पार

आगरा के सिकन्दरा-बोदला रोड स्थित आरके मार्केटिंग शोरूम में छत के रास्ते घुसे चोर लगभग 6 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के प्रोडक्ट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह शोरूम खुलने पर हुई। सिकन्दरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

May 18, 2026 - 22:56
 0
सिकन्दरा-बोदला रोड पर शोरूम की छत काटकर घुसे चोर, लाखों की नकदी और सामान किया पार
इसी शोरूम से चोरों ने उड़ाया लाखों का माल।

आगरा। सिकन्दरा-बोदला रोड स्थित आरके मार्केटिंग शोरूम में शनिवार-रविवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये की नकदी और महंगे प्रोडक्ट चोरी कर लिए। बदमाश छत के रास्ते शोरूम के अंदर दाखिल हुए और पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है।

शोरूम के निदेशक राहुल अग्रवाल ने बताया कि 17-18 मई की रात अज्ञात चोरों ने शोरूम की छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया। चोरों ने पहले शोरूम के भीतर रखी लगभग 6 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया, इसके बाद विभिन्न कंपनियों के लाखों रुपये कीमत के प्रोडक्ट भी चोरी कर ले गए।

घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब शोरूम के मैनेजर विशाल गोयल रोजाना की तरह करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे। शटर खोलकर अंदर प्रवेश करते ही सामान बिखरा मिला और नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शोरूम मालिकों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिकन्दरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। शोरूम प्रबंधन की ओर से सिकन्दरा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।

व्यापारियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठान में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका था।