‘चलो घर की ओर’ अभियान से कांग्रेस सेवादल ने दिया एकजुटता का संदेश, केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर उठाए सवाल

आगरा। कांग्रेस सेवादल ने रविवार को लोहामंडी में ‘चलो घर की ओर’ अभियान के तहत ध्वज वंदन एवं रवि मिलन कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को मजबूत बनाने और पुराने कांग्रेस परिवारों को दोबारा जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांग्रेस के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, देश की एकता-अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में पार्टी की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने और सीबीआई-ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए।

Oct 25, 2026 - 21:27
 0
‘चलो घर की ओर’ अभियान से कांग्रेस सेवादल ने दिया एकजुटता का संदेश, केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर उठाए सवाल
चलो घर की ओर अभियान के तहत लोहामंडी में जनसम्पर्क करते कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज जैन बौहरा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुआ। अध्यक्षता कांग्रेस सेवादल आगरा के अध्यक्ष सचिन चौधरी ने की। शहजाद खान और दिनेश बाबू शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तवरेश इस्लाम और दानिश का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

घर-घर तक पहुंचाएं भाईचारे और सद्भाव का संदेश

मनोज जैन बौहरा ने कांग्रेसजनों से संगठन को मजबूत बनाने और आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि ‘चलो घर की ओर’ अभियान के माध्यम से पुराने कांग्रेस परिवारों से दोबारा संपर्क स्थापित कर उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान का उल्लेख करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सामाजिक सौहार्द को जरूरी बताया।

कार्यक्रम में केंद्र सरकार की नीतियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है और सीबीआई तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा है।

कांग्रेसजन और क्षेत्रीय नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन राम वकील धाकरे ने किया। इस अवसर पर सत्येंद्र कुमार, कैम अनिल शर्मा, मधुरिमा शर्मा, लता कुमारी, अनिल मौर्य, अनुज शिवहरे, अमीचंद, विजय शर्मा, लक्ष्मी नारायण सिंह, सीएम पराशर, राजीव गुप्ता, यशपाल राना, रमेश पहलवान, अनिल विधोलिया, अहमद हसन, सोनू कंजोलिया, धर्मेंद्र सिंह, ऋषि, दानिश सिद्दीकी, संजय पंडित, विमल चौहान, फैजल जाफरी, धर्मेंद्र शर्मा, विकास पलवार, पीसी नरवार, रश्मि सिंह, सुभाष बासवाला सहित अन्य कांग्रेसजन एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor