बरेली में 31 मई को युवा व्यापारिक प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण शिविर, 400 डेलिगेट्स होंगे शामिल
बरेली। व्यापार जगत को संगठित करने और युवा नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बरेली महानगर इकाई द्वारा एक बड़ा आयोजन किया जा रहा है। 31 मई को पीलीभीत बायपास रोड स्थित स्पर्श रिजॉर्ट में प्रदेश भर के युवा प्रतिनिधियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें लगभग 400 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
इस संबंध में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक पांच सत्रों में संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, व्यापारिक हितों की रक्षा और नेतृत्व क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवा प्रतिनिधियों की उपस्थिति संगठन की शक्ति और विस्तार का बड़ा संकेत मानी जा रही है। प्रशिक्षण के साथ-साथ संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की रणनीति भी तय की जाएगी।
शपथ ग्रहण और नेतृत्व हस्तांतरण का कार्यक्रम
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा प्रदेशभर के युवा प्रांतीय पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराएंगे। यह कार्यक्रम संगठन में नई ऊर्जा और नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
31 मई की रात्रि 8:00 बजे से बरेली जिले की सभी तहसीलों, टाउन एरिया और महानगर की विभिन्न ट्रेड एसोसिएशनों के पदाधिकारियों का बड़ा सम्मेलन आयोजित होगा। इस समागम में लगभग 2500 व्यापारियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी उपस्थित रहेंगे। साथ ही अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव कुमार तथा बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे।
भामाशाह सम्मान से होगा गौरवशाली नागरिकों का सम्मान
कार्यक्रम में बरेली शहर के उन पांच गणमान्य व्यक्तियों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर जिले का नाम रोशन किया है।
दो दिवसीय दौरे पर बरेली आ रहे राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी 1 जून को आई एम ए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक संगठनों जैसे आईआईए, चेंबर ऑफ कॉमर्स, लघु उद्योग भारती, आर एम ए एवं व्यापार मंडल सहित लगभग 500 पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर राजेश जसोरिया, दुर्गेश खटवानी, मोहसिन आलम, रचित गुप्ता, अभिषेक वर्मा एवं सुनील शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।