नहीं रहे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता भरत कपूर, 80 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, अंत्येष्टि भी हुई

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता भरत कपूर को लेकर बुरी खबर सामने आ रही है। उनका निधन हो गया है। उन्होंने 80 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है।  एक्टर अवतार गिल ने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की है। उनका सोमवार शाम को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

Apr 27, 2026 - 21:55
 0
नहीं रहे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता भरत कपूर, 80 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, अंत्येष्टि भी हुई

मुंबई। बॉलीवुड में एक बार फिर से मातम पसर गया है। अभी दिग्गज सिंगर आशा भोसले की मौत से फैंस और इंडस्ट्री उबर पाती कि एक और गमगीन खबर सामने आ रही है। फिल्म इंडस्ट्री से अभिनेता भरत कपूर को लेकर जानकारी सामने आ रही है कि उनका निधन हो गया है। उन्होंने 80 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक्टर ने मुंबई के सायन अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। उनकी मौत की पुष्टि एक्टर अवतार गिल ने की है। 

दरअसल, अभिनेता अवतार गिल ने भरत कपूर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, 'मैं अभी अंतिम संस्कार से लौटा हूं, जो शाम 6:30 बजे संपन्न हुआ। उनका निधन आज दोपहर 3 बजे मुंबई के सायन अस्पताल में हुआ था।' अवतार गिल ने भरत कपूर के निधन के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए बताया, 'पिछले तीन दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उनके कई अंग काम करना बंद कर रहे थे।'

अवतार गिल की जानकारी के अनुसार, अभिनेता भरत कपूर का अंतिम संस्कार काफी सीक्रेट तरीके से किया गया, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। उनके अंतिम संस्कार में केवल परिवार और करीबियों को ही शामिल किया गया था। आशा भोसले के बाद भरत कपूर का निधन इंडस्ट्री को 15 दिन में दूसरा झटका है। गौरतलब है कि आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल, 2026 को हुआ था। वह 92 साल की थीं. मल्टी ऑर्गेन फेलियर की वजह से उन्होंने अंतिम सांस ली थी।

एक्टर भरत कपूर के निधन की जानकारी मिलते ही लोग सोशल मीडिया पर रिएक्शन देने लगे हैं। ऐसे में फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी उनकी मौत पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने अभिनेता की फोटो को शेयर करने के साथ ही दुख जताया है।

बहरहाल, अगर भरत कपूर के करियर के बारे में बात की जाए तो वो इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम थे। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया था। उनका 3 दशकों से ज्यादा का फिल्म इंडस्ट्री में करियर रहा। 1970, 80 और 90 के दशकों में वह स्क्रीन पर काफी एक्टिव रहे। फिल्मों में सहायक भूमिका, खलनायक और वकील के किरदार से दर्शकों का दिल जीत लिया था और एक मजबूत पहचान बनाई।