यशस्वी जायसवाल बने राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान, रियान पराग को मजबूरी में बिठाना पड़ा
रियान पराग इंजर्ड होकर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ करो या मरो वाला मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। पराग की गैरमौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी ने बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को कप्तानी मिली है।
जयपुर। आईपीएल 2026 में प्लेऑफ के लिहाज से बेहद अहम मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने स्टार युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को कप्तानी सौंप दी है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे ‘करो या मरो’ जैसे मुकाबले में यशस्वी टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। नियमित कप्तान रियान पराग हैमस्ट्रिंग की इंजरी के चलते इस मैच से बाहर हो गए हैं, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स को आखिरी समय में इस बदलाव के लिए मजबूर होना पड़ा।
राजस्थान रॉयल्स के लिए ये मैच प्लेऑफ के लिहाज से बेहद अहम है। 2008 की चैंपियन टीम अगर आज जीत गई तो प्लेऑफ के चौथे और आखिरी स्पॉट पर अपना रूमाल रख देगी। अगर पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम जीतती है तो टूर्नामेंट दोबारा रोमांचक हो जाएगा और कई टीमों की उम्मीदें जिंदा हो जाएंगी।
ऐसे हाई प्रेशर मैच में टीम मैनेजमेंट ने यशस्वी जायसवाल पर भरोसा जताया है। अपनी विस्फोटक बैटिंग से दुनिया भर को दीवाना बना चुके यशस्वी अगर आज चल गए और अपनी टीम को प्लेऑफ के दरवाजे तक पहुंचा गए तो आईपीएल की अन्य फ्रेंचाइजी को एक मजबूत कप्तानी का विकल्प मिल जाएगा।
आरआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए, जिनमें संदीप शर्मा, सुशांत मिश्रा और लहुंद्रे प्रिटोरियस शामिल हैं। वहीं रवींद्र जडेजा भी कुछ मामूली चोटों से उबर रहे हैं। लखनऊ ने भी अपनी टीम में दो बदलाव किए। मोहम्मद शमी की जगह मोहसिन खान और आयुष बदोनी की जगह एडन मार्कराम को शामिल किया गया। आरआर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है, जबकि एलएसजी प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है।