रामनवमी पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 2 दिन की छुट्टी घोषित, कई लोगों को मिलेगा 4 दिन का लंबा ऑफ

उत्तर प्रदेश में रामनवमी को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पहले सरकारी कैलेंडर में सिर्फ 26 मार्च की छुट्टी घोषित थी, लेकिन इस बार नवमी तिथि 27 मार्च को पड़ने के कारण सरकार ने 27 मार्च को भी अवकाश घोषित कर दिया है। ऐसे में प्रदेश में 26 और 27 मार्च को लगातार छुट्टी रहेगी। इसके बाद 28 मार्च को चौथा शनिवार और 29 मार्च को रविवार होने से कई सरकारी व निजी कर्मचारियों को लगातार 4 दिन का अवकाश मिल सकता है। वहीं बैंकों के लिए यह ब्रेक और लंबा हो सकता है, क्योंकि 31 मार्च को महावीर जयंती के कारण बैंक फिर बंद रहेंगे। चौथे शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने का नियम भारतीय बैंकिंग व्यवस्था में लागू है।

Mar 25, 2026 - 17:48
 0
रामनवमी पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 2 दिन की छुट्टी घोषित, कई लोगों को मिलेगा 4 दिन का लंबा ऑफ

लखनऊ। रामनवमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने इस बार एक दिन नहीं, बल्कि दो दिन का अवकाश देने का निर्णय लिया है। प्रदेश में अब 26 मार्च के साथ 27 मार्च को भी सरकारी छुट्टी रहेगी। यह फैसला इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि इस बार रामनवमी की नवमी तिथि 27 मार्च को पड़ रही है, जबकि पहले जारी सरकारी कैलेंडर में अवकाश 26 मार्च को दर्ज था।

दरअसल, रामनवमी सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के कई शहरों में यह भव्य शोभायात्राओं, मंदिर आयोजनों और विशाल धार्मिक कार्यक्रमों का भी दिन होता है। 27 मार्च को नवमी तिथि होने के कारण प्रदेश के अनेक जिलों में विशाल शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। मंदिरों में विशेष पूजन और दर्शन होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी और सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। इन्हीं व्यवस्थाओं और जनभावनाओं को देखते हुए योगी सरकार ने आज दोपहर में  27 मार्च को भी अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया।

अब कैसे बन रहा है 4 दिन का लंबा वीकेंड?

सरकार के इस फैसले के बाद छुट्टियों का पूरा गणित कुछ इस तरह बन रहा है, 26 मार्च – रामनवमी अवकाश, 27 मार्च – अतिरिक्त घोषित अवकाश / नवमी तिथि, 28 मार्च – शनिवार और 29 मार्च – रविवार। अब जिन सरकारी और निजी कर्मचारियों की शनिवार को छुट्टी रहती है, उन्हें लगातार 4 दिन का लंबा ब्रेक मिल जाएगा। यानी त्योहार के साथ-साथ परिवार के साथ यात्रा, धार्मिक कार्यक्रम या छोटे ट्रिप की प्लानिंग करने वालों के लिए यह शानदार मौका बन गया है।

बैंकों के लिए और भी लंबी छुट्टी

सबसे ज्यादा असर बैंकिंग सेवाओं पर देखने को मिल सकता है। उपलब्ध छुट्टी क्रम के अनुसार 26 मार्च को रामनवमी अवकाश, 27 मार्च को  रामनवमी/नवमी के चलते अवकाश, 28 मार्च को चौथा शनिवार, देशभर में बैंक बंद, 29 मार्च को रविवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। 30 मार्च सोमवार को बैंक खुलेंगे और 31 मार्च को महावीर जयंती के कारण फिर अवकाश रहेगा। 

इस हिसाब से 26 से 31 मार्च के बीच बैंक सिर्फ एक दिन (30 मार्च) ही खुल सकते हैं।
हालांकि, बैंक अवकाश राज्यवार अलग-अलग भी हो सकते हैं, इसलिए ग्राहकों को शाखा जाने से पहले स्थानीय बैंक शाखा या आधिकारिक बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक करनी चाहिए। मार्च 2026 की छुट्टियों की राज्यवार सूची में रामनवमी, चौथा शनिवार और महावीर जयंती जैसे अवकाश शामिल बताए गए हैं।