दूधिया रोशनी में शुरू हुई आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग, प्रेम मोटर्स ने रोमांचक मुकाबले में मारी बाजी, डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर ने बंसल एस टैग को 5-1 से रौंदा

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर सोमवार देर शाम प्रथम आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग का रंगारंग आगाज हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए उद्घाटन मुकाबलों में खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों का उत्साह और रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। पहले ही दिन खेले गए दोनों मुकाबलों ने हॉकी प्रेमियों को रोमांच से भर दिया।

May 26, 2026 - 20:28
 0
दूधिया रोशनी में शुरू हुई आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग, प्रेम मोटर्स ने रोमांचक मुकाबले में मारी बाजी, डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर ने बंसल एस टैग को 5-1 से रौंदा
आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग के पहले दिन के मैच की विजयी टीमें।

लीग का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोज जादौन, सजल बंसल, डॉ. नकुल गौतम, बलदेव भटनागर और शैलेश बंसल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण करके किया। उद्घाटन समारोह के दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि पहला मुकाबला डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर और बंसल एस टैग के बीच खेला गया। पूल ए के इस मुकाबले में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बंसल एस टैग को 5-1 से करारी शिकस्त दी।

मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर ने अपनी रणनीति बदली और लगातार हमले शुरू किए। टीम के खिलाड़ी दिनेश शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को शानदार गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अनुज सिंह ने लगातार दो गोल दागकर विपक्षी टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। मोहित सिंह और डॉ. जयशंकर यादव ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। बंसल एस टैग की ओर से एकमात्र गोल सकलैन ने किया। शानदार प्रदर्शन के लिए दिनेश शर्मा को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।

दूसरा मुकाबला पूल बी में प्रेम मोटर्स और शारदा शार्क के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। मैच के दौरान दोनों टीमों ने तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। अंतिम समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर अटका रहा और ऐसा लग रहा था कि मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है।

लेकिन खेल समाप्त होने से मात्र 30 सेकेंड पहले प्रेम मोटर्स के स्टार खिलाड़ी मनोज योगी ने अपनी अद्भुत गति और कौशल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी खिलाड़ियों को छकाया और निर्णायक गोल दाग दिया। इस गोल के साथ प्रेम मोटर्स ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज कर ली। शानदार प्रदर्शन के लिए मनोज योगी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका अजय सिंह राजपूत, धर्मेश राजपूत, गौरव शर्मा, गौरव रौतेला, केपी सिंह यादव और एमडी अहमद खान ने निभाई।

समारोह के दौरान आगरा की हॉकी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले अनुराग सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव राजीव सोई और अमिताभ गौतम ने उन्हें स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर नरेन्द्र यादव, विवेक उपाध्याय, रामलाल यादव, धर्मेंद्र बघेल, बंटी यादव, वंदना दीक्षित, संदीप सोलंकी, अमित दीक्षित, शकील खान, धीरज मदान, गोपाल भगत, दिलीप शर्मा और शाहिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor