मुंबई में आयशा खान को हिरासत में लिया गया, प्रोटेस्ट करने से रोका, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पर दिल्ली में बरसीं लाठियां

आयशा खान ने एक वीडियो शेयर करके चौंकाने वाली बात बताई है। आयशा ने दिखाया कि कैसे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं, दिशा पाटनी की बहन खुशबू भी दिल्ली में जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में थीं, जहां उन पर भी लाठियां बरसीं।  

Jul 22, 2026 - 22:40
 0
मुंबई में आयशा खान को हिरासत में लिया गया, प्रोटेस्ट करने से रोका, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पर दिल्ली में बरसीं लाठियां

 

नई दिल्ली। हाल ही में 'धुरंधर' फिल्म के अपने खास गाने 'शरारत' से चर्चा में आईं एक्ट्रेस आयशा खान ने बताया है कि बुधवार को मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो बयान जारी करके उस घटना की जानकारी दी, जो उस जगह पर हुई थी जहां वह और उनके कुछ पुरुष और महिला दोस्त मुंबई में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में इकट्ठा हुए थे। आयशा ने कहा कि उन्हें बिना कोई कारण बताए घसीटा गया और जबरदस्ती एक वैन में धकेल दिया गया। वहीं, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में लाठी चार्ज का सामना किया।

आयशा खान ने अपनी बात बताने के लिए एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि वह दादर में होने वाले स्टूडेंट प्रोटेस्ट (छात्र विरोध-प्रदर्शन) को अपना समर्थन देना चाहती थीं। लेकिन जब वह शाम 4 बजे वहां पहुंचीं, तो कुछ भी कहने या कोई नारा दिखाने से पहले ही एक पुलिस अफसर ने उनसे कहा कि वह वहां प्रोटेस्ट नहीं कर सकतीं। जवाब में आयशा ने पूछा, 'बता दीजिए दूसरा और क्या रास्ता है?' इसके बाद, बिना किसी बातचीत के, पुलिस ने उनके भाई और दोस्त को खींच लिया। फिर लगभग 15 पुलिसकर्मियों (10 पुरुष और 5 महिलाएं) ने उनसे और उनके दोस्तों से कहा कि उन्हें वैन में बैठना होगा।  

आयशा ने बताया, 'मुझे 4-5 महिलाओं ने खींच लिया था। मैंने अपनी पूरी ताकत लगाकर वैन में न चढ़ने की कोशिश की लेकिन उन्होंने हमें अंदर खींच लिया। पूरी वैन में हम पूछते रहे कि आपने हमें क्यों रोका है? हमने गलती क्या की है? कोई जवाब नहीं, कोई जवाबदेही नहीं, कुछ भी नहीं। किसी ने कोई जवाब नहीं दिया और हमें दादर से वर्ली लेकर आए।'

उन्होंने कहा कि वर्ली में पुलिस ने उनसे सम्मानपूर्वक बात की, लेकिन उनका सवाल वही है: उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया? इसकी वजह क्या थी? एक अलग पोस्ट में, आयशा ने पुलिस वैन के अंदर धकेले जाने का वीडियो शेयर किया। कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'शांति से खड़े रहने के कारण घसीटा गया और हिरासत में ले लिया गया। वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों से पूछा कि हमें हिरासत में क्यों लिया जा रहा है? लेकिन कोई जवाब नहीं मिला! सड़क पर खड़े रहना कब से अपराध हो गया? आज मुझे जिंदगी की सबसे सुकून भरी नींद आएगी। मैं सही बात के लिए खड़ी रही! अभी भी पुलिस स्टेशन में वही सवाल पूछ रही हूं! मुझे हिरासत में क्यों लिया गया? मैंने कौन सा कानून तोड़ा?'

दिशा पाटनी की बहन, खुशबू पाटनी ने भी इंस्टाग्राम पर विरोध प्रदर्शन में अपनी मौजूदगी की जानकारी दी। वह चुपचाप छात्रों के साथ शामिल हुई थीं। उन्होंने मास्क से अपना चेहरा ढका हुआ था, सिर पर टोपी पहनी थी और जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में खुशबू ने बताया कि विरोध प्रदर्शन वाली जगह कितनी सुरक्षित लग रही थी और उन्होंने प्रदर्शन में शामिल सभी पुरुषों की तारीफ की। खुशबू ने कहा कि वहां लाखों लोग थे, लेकिन महिलाओं को कहीं भी असुरक्षित महसूस नहीं हुआ। कई बार ऐसा भी हुआ जब पुरुषों ने अपने हाथ सिर के ऊपर रखकर चलना पसंद किया ताकि वे किसी महिला को गलत तरीके से न छुएं। खुशबू ने कहा कि अब वह 'जेन जी' की फैन हो गई हैं और उन्हें विरोध प्रदर्शन करने का उनका जज्बा बहुत पसंद आया।