कतर के तट के पास मालवाहक जहाज पर हमला, प्रोजेक्टाइल टकराने से लगी आग, बढ़ेगा उर्जा संकट  

 यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया है कि कतर से 23 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में यात्रा कर रहे एक बल्क कैरियर से कोई अज्ञात चीज टकराई है। इससे जहाज में आग लग गई। इसे हमला भी समझा जा रहा है।

May 10, 2026 - 21:17
 0
कतर के तट के पास मालवाहक जहाज पर हमला, प्रोजेक्टाइल टकराने से लगी आग, बढ़ेगा उर्जा संकट  


 

लंदन। कतर के तट के पास एक मालवाहक जहाज में हमले के बाद आग लगी है। आग लगने की यह घटना जहाज पर प्रोजेक्टाइल टकराने की वजह से हुई। ब्रिटिश मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने रविवार को अपने बयान में बताया कि यह बल्क कैरियर दोहा से 23 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान कैरियर से किसी अज्ञात चीज की टक्कर लगी और उसमें आग लग गई। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ईरान में युद्ध के चलते खाड़ी देशों के समुद्र में तनाव है।

ब्रिटिश मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया कि इस घटना से जहाज में लगी आग बहुत गंभीर नहीं थी। इस आग के गंभीर रूप लेने से पहले ही इसे काबू करते हुए बुझा दिया गया। घटना से प्रभावित हुए जहाज के कैप्टन ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने से पर्यावरण पर भी कोई असर नहीं पड़ा है। जहाज से टकराई प्रोजेक्टाइल को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है।  
 
फारस की खाड़ी में जहाजों पर हुआ यह ताजा हमला है। ईरान और अमेरिका के बीच 8 अप्रैल से सीजफायर जारी है लेकिन समुद्र में तनातनी जारी है। इसी हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज के पास गोलीबारी की घटना सामने आई है। इससे अमेरिका और ईरान में चल रहे अस्थिर संघर्ष-विराम पर संकट बना हुआ है।

ईरान और अमेरिका में 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध का सबसे ज्यादा असर होर्मुज जलडमरूमध्य में देखने को मिला है। होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान ने अपना नियंत्रण रखा है तो अमेरिका की नेवी ने भी यहां अपनी नाकेबंदी कर रखी है। ऐसे में जहाजों की सुरक्षा संकट में है और हमलों का सामना करना पड़ा है।

ईरान के खर्ग आईलैंड के पास तेल रिसाव का दावा किया गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में खर्ग के पास समुद्र में बड़ा तेल रिसाव दिखा है। यह द्वीप ईरान के लिए बहुत अहम है। इसी द्वीप से ईरान का करीब 90 फीसदी तेल निर्यात किया जाता है। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि तेल का रिसाव कैसे हुआ है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों में गुरुवार तक खर्ग के आसपास करीब 20 वर्ग मील इलाके में तेल रिसाव फैला हुआ दिखा है। एक्सपर्ट ने अनुमान लगाया है कि करीब 3 हजार बैरल तेल खर्ग से समुद्र में बहने की संभावना है। एक्सपर्ट ने इस रिसाव से आसपास के पर्यावरण को नुकसान की चेतावनी दी है।

ईरान में युद्ध की शुरुआत इससाल 28 फरवरी को हुई थी, जब अमेरिका और इजरायल ने तेहरान में हवाई हमले किए थे। इसके बाद ईरान की ओर से खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए गए। ईरान ने हमलों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट से होने वाले यातायात को नियंत्रित किया है, जो एक अहम समुद्री गलियारा है।