पश्चिम एशिया संकट पर सीसीएस की बैठक,  जंग के हालात पर चर्चा,  एलपीजी और पीएनजी की सप्लाई पर फोकस

पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए सीसीएस की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में एलपीजी और पीएनजी की सप्लाई पर पूरी तरह से फोकस किया गया।

Apr 1, 2026 - 21:53
 0
पश्चिम एशिया संकट पर सीसीएस की बैठक,  जंग के हालात पर चर्चा,  एलपीजी और पीएनजी की सप्लाई पर फोकस

नई दिल्ली। ईरान-इजरायल जंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से देश और दुनिया में बने हालात को लेकर चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री आवास पर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण, एस. जयशंकर और अन्य प्रमुख केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। इसमें पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की गई। बैठक अभी जारी है। बताया जा रहा है कि सीसीएस पिछले फैसलों की समीक्षा करेगी। पीएनजी और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति पर ध्यान केंद्रित करेगी, उर्वरकों की उपलब्धता का आकलन करेगी और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगी।

'मन की बात' कार्यक्रम में अपने हालिया संबोधन में पीएम मोदी ने इस स्थिति को 'चुनौतीपूर्ण' बताया था और एकता बनाए रखने का आग्रह किया था। उन्होंने अफवाहें फैलाने और इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के प्रति आगाह भी किया था। उन्होंने इस संकट से निपटने में सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया था। इससे पहले हुई बैठकों में इस संघर्ष के कारण पैदा हुई बाधाओं, विशेष रूप से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़े असर का आकलन किया गया था।

दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़े तनाव के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। इसी जलडमरूमध्य से दुनिया की ऊर्जा का एक बड़ा हिस्सा होकर गुजरता है। प्रधानमंत्री ने इस उभरते हुए संकट और इसके व्यापक प्रभावों पर चर्चा करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप सहित कई वैश्विक नेताओं से भी बातचीत की है।