किरेन रिजिजू का विपक्ष पर हमला,  भारत के लिए रची गई थी बांग्लादेश-फ्रांस जैसी साजिश,   सोरोस के जरिए सत्ता परिवर्तन नहीं

किरेन रिजिजू ने जॉर्ज सोरोस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन वह सत्ता परिवर्तन सिर्फ और सिर्फ चुनावों के जरिए हो सकता है। सोरोस के जरिए नहीं।

Oct 18, 2026 - 18:52
 0
किरेन रिजिजू का विपक्ष पर हमला,  भारत के लिए रची गई थी बांग्लादेश-फ्रांस जैसी साजिश,   सोरोस के जरिए सत्ता परिवर्तन नहीं


नई दिल्ली।  केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने देश में सत्ता परिवर्तन के लिए आह्वान करने वाली विपक्षी पार्टियों और नेताओं पर निशाना साधते हुए पलटवार किया है। उन्होंने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन और हिंसक घटनाओं के साथ फ्रांस में जारी दंगों का हवाला देते हुए कहा कि भारत के लिए बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसक साजिशें रची गई थी, लेकिन भारत, न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस।

उन्होंने रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विपक्षी दलों के नेताओं का वीडियो क्लिप साझा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट के कैप्शन में किरेन रिजिजू ने कहा, ‘भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी, लेकिन इस खतरनाक साजिश को रचने वाले ये भूल गए कि भारत, न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस।’

इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए जॉर्ज सोरोस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन वह सत्ता परिवर्तन सिर्फ और सिर्फ चुनावों के जरिए हो सकता है, सोरोस के जरिए नहीं।’

अपने वीडियो पोस्ट में किरेन रिजिजू ने बांग्लादेश की संसद में हमला, वहां हुई हिंसक घटनाओं, नेपाल में हुई हिंसा और श्रीलंका में हुए प्रदर्शनों और घटनाओं के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण का क्लिप, नेहा बोरा और राहुल गांधी का वीडियो क्लिप शेयर किया। इस वीडियो में प्रशांत भूषण कह रहे हैं, ‘हां, हम हमलोग चाहते हैं कि रिजीम चेंज हो.’ वहीं, आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा, ‘यह सबसे पहले बांग्लादेश में शुरू हुआ और हमें यह रास्ता दिखाने के लिए आपका बहुत धन्यवाद।’

जबकि वीडियो क्लिप में कॉकरोच जनता पार्टी  का एक समर्थक यह कहता सुनाई दे रहा है। ‘संसद भवन उखाड़ दिया जाएगा’ और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत को कड़ी से कड़ी सजा मिलने जा रही है।’