पुणे के केतन हत्याकांड में रोज नए खुलासेः नवम्बर में बजनी थी शहनाइयां, सिया ने पिछले छह माह में प्रेमी को किए 2,200 कॉल, गूगल सर्च और तीन नाकाम कोशिशों ने खोली साजिश की परतें

पुणे। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में रोज नए और हैरान कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि केतन की हत्या कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने कई महीनों तक इसकी साजिश रची थी। जांच के अनुसार, पिछले छह महीनों में दोनों के बीच 2,200 से अधिक बार फोन पर बातचीत हुई, जिसकी कुल अवधि लगभग 238 घंटे रही। पुलिस का मानना है कि इन्हीं लंबी बातचीतों के दौरान हत्या की पूरी योजना तैयार की गई।

Jun 24, 2026 - 20:54
 0
पुणे के केतन हत्याकांड में रोज नए खुलासेः नवम्बर में बजनी थी शहनाइयां, सिया ने पिछले छह माह में प्रेमी को किए 2,200 कॉल, गूगल सर्च और तीन नाकाम कोशिशों ने खोली साजिश की परतें
केतन, सिया और चेतन चौधरी के फाइल फोटो।

जांच एजेंसियों को सिया के डिजिटल रिकॉर्ड से यह भी पता चला है कि उसने लोहगढ़ किले से जुड़ी घटनाओं और वहां हत्या करने के तरीकों के बारे में इंटरनेट पर कई बार जानकारी खोजी थी। पुलिस इसे पूर्व नियोजित हत्या की दिशा में अहम डिजिटल साक्ष्य मान रही है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून को हुई वारदात पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले भी केतन को रास्ते से हटाने की तीन कोशिशें की गई थीं, लेकिन हर बार योजना विफल हो गई। एक बार सिया ने केतन को किले की प्राचीर से धक्का दिया था, लेकिन केतन पास ही खड़ी झाड़ियों को पकड़कर बच गया था। केतन के धक्का की वजह पूछने पर सिया ने कह दिया था कि उसने सांप से बचाने को धक्का दिया था। सिया के प्यार में डूबे केतन ने बगैर कोई शक किए अपनी मंगेतर की बात पर भरोसा कर लिया था। इसके बाद भी दो प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार 18 जून को लोहगढ़ किले पर सुनियोजित तरीके से उसे लगभग 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन सिया ने केतन को घूमने और फोटो खिंचवाने के बहाने लोहगढ़ किले बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चेतन चौधरी ने भी पूरी साजिश में साथ दिया। हत्या के बाद दोनों ने इसे पैर फिसलने से हुई दुर्घटना साबित करने की कोशिश की।

जांच में सामने आया है कि 19 जून को सिया का जन्मदिन था। परिवार के अनुसार, केतन अपनी मंगेतर से बेहद प्रेम करता था। उसने 19 मई से ही हर दिन सिया को जन्मदिन जैसा अहसास कराने के लिए अलग-अलग सरप्राइज देने शुरू कर दिए थे। यही नहीं, सिया भी केतन द्वारा हर दिन दिए जा रहे सरप्राइज को सोशल मीडिया पर शेयर करती रही। 19 जून के लिए भी केतन ने एक विशेष सरप्राइज की तैयारी कर रखी थी, लेकिन जन्मदिन आने से एक दिन पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।

यह मामला संभवतः एक हादसे के रूप में ही दर्ज रह जाता, यदि केतन के परिवार ने पुलिस से गहन जांच की मांग नहीं की होती। परिवार का कहना था कि केतन एक अनुभवी ट्रेकर था और उसका इस तरह खाई में गिर जाना सामान्य नहीं हो सकता। इसके बाद पुलिस ने लोहगढ़ किले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सिया और केतन के पीछे-पीछे तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहनकर चलता एक युवक दिखाई दिया, जिसने किले में प्रवेश के समय अपना चेहरा भी ढंक रखा था। इसी संदिग्ध गतिविधि ने पुलिस का शक गहरा दिया।

पुलिस ने युवक की पहचान चेतन चौधरी के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन चेतन ने अपना मोबाइल फोन जानबूझकर अपने कार्यस्थल पर छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन घटनास्थल पर दर्ज न हो। पुलिस का मानना है कि उसने किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल इस्तेमाल किया, जिससे जांच को भ्रमित किया जा सके।

हत्या के बाद भी सिया ने खुद को दुखी मंगेतर दिखाने का पूरा प्रयास किया। उसने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखते हुए केतन के लिए शोक व्यक्त किया और उसके घर पहुंचकर परिजनों के बीच भी दुख जताया। हालांकि, परिवार के अनुसार जब केतन की बहन ने हादसे की परिस्थितियों के बारे में विस्तार से सवाल किए तो सिया असहज हो गई। इसी व्यवहार से परिवार का संदेह और गहरा हो गया और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

बता दें कि केतन और सिया की शादी इसी वर्ष नवंबर में प्रस्तावित थी। दोनों परिवार भव्य शाही विवाह की तैयारियों में जुटे थे। विवाह समारोह के लिए राजस्थान के जयपुर स्थित एक लग्जरी पैलेस को करीब 17 करोड़ रुपये में बुक किया गया था, जबकि मेहमानों को ले जाने के लिए दो चार्टर्ड विमान भी तय किए गए थे। शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं और दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर बेहद उत्साहित थे। लेकिन जिस घर में शहनाइयां गूंजने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है। पुलिस का आरोप है कि जिस युवक ने अपनी मंगेतर के साथ सुनहरे भविष्य के सपने संजोए थे, उसी की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गई।

पुलिस फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी से लगातार पूछताछ कर रही है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, गूगल सर्च हिस्ट्री, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां तैयार की जा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस सुनियोजित हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।

SP_Singh AURGURU Editor