प्रियंका मोहन की फिल्म ओटीटी पर रिलीज, फिल्म की चर्चा तेज, यूजर्स का रिव्यू भी आया
साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका अरुल मोहन की फिल्म 'मेड इन कोरिया' ओटीटी पर रिलीज हो गई है। यह एक इंडो-कोरियन फिल्म है, जिसमें उनके साथ 'स्क्विड गेम' फेम पार्क हे-जिन और एक्टर सी-हुन बेक भी हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स का रिव्यू आ गया है।
मुंबई। ओटीटी पर इस हफ्ते रिलीज हुई नई फिल्मों की फेहरिस्त में 'मेड इन कोरिया' का नाम खूब सुर्खियों में है। मूल रूप से एक तमिल फिल्म है, जो गुरुवार 12 मार्च को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। लीड रोल में प्रियंका अरुल मोहन हैं। कहानी तमिलनाडु के एक छोटे से गांव की रहने वाली लड़की की है, जिसका सपना है साउथ कोरिया जाना। वह अपने इस सपने को साकार करने के लिए वहां पहुंच भी जाती है। लेकिन विदेशी जमीन पर, अबूझ भाषा और संस्कृति में अपनी जगह बनाने के लिए उसे किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, फिल्म उसी की बानगी है।
'मेड इन कोरिया' एक कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा है। रा कार्तिक ने इसे डायरेक्ट किया है। यह नेटफ्लिक्स ऑरिजनल फिल्म अब रिलीज हो चुकी है और इसे तमिल के साथ ही हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी देखा जा सकता है।
कहानी शुरू होती है तमिलनाडु के कोलाप्लूर नाम के एक अनोखे गांव से, जहां रहती है शेनबा (प्रियंका अरुल मोहन) एक तमिल लड़की जिसके अपने सपने हैं। वह साउथ कोरिया घूमना चाहती है। उसकी निजी जिंदगी उथल-पुथल वाली है। पिता से अनबन है। बॉयफ्रेंड मणि (ऋषिकांत) उसे धोखा दे चुका है। बचपन से ही शेनबा का सपना कोरिया है। हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि शेनबा अकेले ही कोरिया पहुंच जाती है। वह वहां के लोगों से जान-पहचान करने लगती है। दोस्ती करती है। विदेश में अकेली और बेरोजगार शेनबा अपनी जगह बनाने के लिए कई तरह की मुश्किलों से गुजरती है।
शेनबा के लिए विदेशी जमीन पर सुकून बनकर आता है हीओ जुन जे (सी-हुन बेक) नाम का एक दयालु नौजवान। वह शेनबा को कोरियन कल्चर से मिलवाता है। उसे एक बुजुर्ग महिला (पार्क हे-जिन) की देखभाल करने की नौकरी दिलाने में भी मदद करता है। अब शेनबा और हीओ साथ मिलकर, जिंदगी को नया आकार देते हैं। शेनबा की बिखरी हुई जिंदगी को मकसद मिलता है।
'मेड इन कोरिया' को देख सोशल मीडिया पर जो पहले रिव्यूज सामने आए हैं, उनमें प्रियंका मोहन की तारीफ तो गई है, लेकिन फिल्म में उनके किरदार से लोगों को नाराजगी भी है। यूजर्स का कहना है कि शेनबा के किरदार को उभारने में डायरेक्टर साहब चूक गए हैं। सियोल में उसके शुरुआती दिन और कुछ अजीब पल उम्मीद जगाते हैं, लेकिन फिर जल्द ही यह उत्साह कम पड़ जाता है।
'स्क्विड गेम' और 'पचिंको' फेम एक्ट्रेस पार्क हे-जिन ने इस फिल्म में उस बुजुर्ग महिला का रोल किया है, जिसकी देखभाल शेनबा कर रही है। पार्क हे-जिन के परफॉर्मेंस की तारीफ हो रही है। हीओ जुन जे के रोल में सी-हुन बेक भी परफेक्ट लगते हैं। शेनबा के दूसरे दोस्तों का काम कोई खास असर नहीं डाल पाता।