रणबीर कपूर ने अयोध्या में खरीदी करोड़ों की जमीन, बोले- इसने मुझे चुना, बुला रही थी
रणबीर कपूर ने फिल्म 'रामायणम्: पार्ट 1' की रिलीज से पहले श्रीराम की नगरी अयोध्या में जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत करोड़ों में हैं। फिल्म में राम का किरदार निभा रहे रणबीर ने कहा कि अयोध्या नगरी उन्हें बुला रही थी।
मुंबई। रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'रामायणम्: पार्ट 1' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया है। इस बीच एक्टर ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम की जन्म नगरी अयोध्या में जमीन खरीदी है। रणबीर ने यह जमीन अभिनंदन लोढ़ा के हाउस के प्रीमियम रियल एस्टेट प्रोजेक्ट'द सरयू' में खरीदी है। रणबीर ने जमीन खरीदने के बाद खुशी जाहिर की और कहा कि यह नगरी उन्हें बुला रही थी।
यह जमीन 2,134 स्क्वायर फुट में है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस जमीन की डील 3.31 करोड़ रुपये में हुई है। अब ' सरयू' में जमीन लेने वाले रणबीर कपूर दूसरे बॉलीवुड एक्टर हैं। उनसे पहले यहां अमिताभ बच्चन ने जमीन खरीदी थी। 'द सरयू' प्रोजेक्ट में अमिताभ ने तीन बार इन्वेस्टमेंट किया है।
जमीन खरीदने के बाद रणबीर कपूर ने कहा, 'मेरा मानना है कि अयोध्या ने मुझे चुना है। यह नगरी मुझे बुला रही थी और मैंने इस पुकार का जवाब दिया है। अयोध्या हमारे इतिहास में गहराई से समाई हुई है और हमारी सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरयू स्थित यह जमीन मेरे लिए इसे अपने परिवार की विरासत का हिस्सा बनाने का जरिया बन गई।
रणबीर कपूर की नेट वर्थ की बात करें, तो रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ₹345-₹369 करोड़ बताई जाती है। वह एक फिल्म के लिए 50 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। रणबीर की कमाई फिल्मों के अलावा ब्रांड डील्स, प्रॉपर्टी और बिजनेस में इन्वेस्टमेंट से होती है। उन्होंने अपना खुद का लाइफस्टाइल ब्रांड लॉन्च किया है। इसके अलावा मुंबई सिटी फुटबॉल क्लब में भी पैसा लगाया है। 'ईटाइम्स' के मुताबिक, उनकी सालाना कमाई 30 करोड़ रुपये के आसपास है। वहीं, 'मनीमिंट' की रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर कपूर का 250 करोड़ का कृष्णा राज बंगला है, जिसकी मालकिन मां नीतू कपूर भी हैं। यह मुंबई के सबसे महंगे घरों में से एक है।
प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें, तो रणबीर कपूर अब नितेश तिवारी की 'रामायणम्: पार्ट 1' में नजर आएंगे, जो दिवाली 2026 पर रिलीज होगी। यह फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज की जाएगी और दोनों का बजट 4,000 करोड़ रुपये है। 'रामायणम्' की कास्ट की बात करें, तो इसमें यश, साई पल्लवी, सनी देओल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, इंदिरा कृष्णन, कुणाल कपूर और अरुण गोविल समेत कई स्टार्स हैं।