सिमरन और दिलीप ने जीते गोल्ड, भारत के पदकों की संख्या 60 के पार, तीसरे दिन भी मेडल की बौछार
पैरा एशियन गेम्स 2026 भारत ने अभी तक दमदार प्रदर्शन किया है। जापान के आइची नागोया में पहले दो दिन में एथलीट्स ने 9 गोल्ड समेत कुल 35 मेडल जीते हैं। तीसरे दिन भी भारत के खाते में मेडल की बौछार हुई है और भारत के पदकों की संख्या 60 के पार जा चुकी है।
नागोया। जापान के नागोया में खेले जा रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों ने 5 गोल्ड समेत 18 पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सिमरन, प्रवीण कुमार और सचिन खिलारी ने नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दिलीप गावित और आयुष वर्मा ने भी गोल्ड पर कब्जा जमाया। एथलेटिक्स के शानदार दम पर भारत की कुल पदक संख्या 62 (14 गोल्ड, 21 सिल्वर, 27 ब्रॉन्ज) पहुंच गई है और भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर आ गया है।
भारत के शैलेश कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप टी42 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। शैलेश ने 5.57 मीटर की जंप लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। वह भारत के ही महेंद्र गुर्जर से थोड़ा आगे थे। महेंद्र ने 5.56 मीटर की दूरी हासिल की और चौथे स्थान पर रहे। जापान के हाजिमे कोंडो ने 6.51 मीटर की जंप के साथ गोल्ड जीता, जबकि थाईलैंड के फलाथिप खामटा ने 6.41 मीटर के साथ सिल्वर जीता।
भारत के शरत मकानहल्ली ने पुरुषों के 1500 मीटर T12 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता, उन्होंने इस सीजन का सबसे अच्छा 4:11.01 का समय निकाला। हांग्जो 2023 के सिल्वर मेडलिस्ट शरत उज्बेकिस्तान के फखरिदीन खामराएव के बाद तीसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 4:07.48 के गेम्स-रिकॉर्ड टाइम के साथ गोल्ड जीता, और जॉर्डन के नबील मकाबलेह ने इस सीजन का सबसे अच्छा 4:07.97 का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता।
भारतीय पैरा-एथलीट सुखचैन ने पुरुषों के जेवलिन थ्रो F55 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता, उन्होंने 29.94 मीटर का पर्सनल बेस्ट रिकॉर्ड बनाया। सुखचैन ने तीसरे प्रयास में अपना बेस्ट दिया। चीन के फेफेई झोउ ने 37.63 मीटर के वर्ल्ड-रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड जीता, जबकि ईरान के जफर जकर ने 36 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर मेडल जीता। सुखचैन ने 2022 हांग्जो एशियन पैरा गेम्स में भी इस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। मंजीत व्यास ने पुरुषों की F13 कैटेगरी में 61.03 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर मेडल जीता।
रोहित कुमार ने पुरुषों के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 इवेंट में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह जापान में भारत का छठा पैरा स्विमिंग मेडल है। भारतीय खिलाड़ी 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं।
भारत के प्रणव देसाई ने एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों के 100 मीटर T64 इवेंट में 11.96 सेकंड में ब्रॉन्ज मेडल जीता। जापान के केंगो ओशिमा ने 11.39 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि थाईलैंड के डेनपूम कोटचारंग ने 11.78 सेकंड में सिल्वर मेडल जीता।
हिमांशु नंदल ने आज पुरुषों के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक S11 इवेंट में तीसरा स्थान हासिल करके एशियन पैरा गेम्स में अपना दूसरा ब्रॉन्ज मेडल जीता। हरियाणा के रोहतक के 22 साल के इस तैराक ने 1:20.72 का समय निकाला। ऑप्टिक नर्व फेलियर की वजह से हिमांशु जन्म से ही पूरी तरह से देख नहीं सकते। चीन के यांग बोज़ुन ने 1:12.69 के गेम्स-रिकॉर्ड टाइम के साथ गोल्ड जीता, जबकि जापान के केइची किमुरा ने 1:12.72 के साथ सिल्वर मेडल जीता। हिमांशु ने मंगलवार को पुरुषों के 400 मीटर फ्रीस्टाइल S11 इवेंट में चार तैराकों के बीच 5:10.91 के टाइम के साथ तीसरा स्थान हासिल करके अपना पहला मेडल था।