जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज, वैभव-अभिषेक कर सकते हैं ओपनिंग, दो खिलाड़ियों का डेब्यू लगभग तय
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज खेलने वाली है। युवा खिलाड़ियों से सजी टीम इंडिया में 2 खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज खेलने वाली है। 23 जुलाई को पहला मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। बीसीसीआई की ओर से इस दौरे के लिए युवा टीम इंडिया का चयन किया गया है। संजू सैमसन को आराम देकर प्रभसिमरन सिंह को मौका दिया गया है। साथ ही अशोक शर्मा और मयंक यादव जैसे रफ्तार के सौदागर गेंदबाजों को भी शामिल किया गया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी का नजर आना तय है। 15 साल के सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से 14, 13 और 15 रन की पारियां देखने को मिली। दूसरी ओर अभिषेक ने एक फिफ्टी के अलावा कुछ खाम कमाल करके नहीं दिखाया। ऐसे में इस जोड़ी को जिम्बाब्वे में कमाल करना होगा।
भारतीय टीम के मौजूदा संयोजन को देखने हुए लगता है कि हर्ष दुबे और यश ठाकुर को टी20 इंटरनेशनल में पदार्पण करने का मौका मिल सकता है। दुबे भारत के लिए 2 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए। इस टीम में अशोक शर्मा और मयंक यादव के रूप में 2 ऐसे गेंदबाज हैं जो 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं। लेकिन हालिया फॉर्म को देखते हुए यश ठाकुर को रेस में आगे माना जा सकता है। हाल में श्रीलंका ए खिलाफ उन्होंने 3 पारियों में 7 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
भारत की संभावित टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।