मोदी सरकार के 12 साल, आगरा में भाजपा का महासंपर्क अभियान, 21 जून तक होंगे जनकल्याण कार्यक्रम
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर आगरा में 5 से 21 जून तक “विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष” अभियान चलाने की घोषणा की है। जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला में नेताओं ने जनसंपर्क अभियान, योग शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रदर्शनी और जनकल्याण शिविर जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। पार्टी नेताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
आगरा। आगरा में भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बड़े जनसंपर्क और जनकल्याण अभियान की तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को भाजपा आगरा ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिला कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आगामी अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। आगरा महानगर में यह अभियान “विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष” थीम के अंतर्गत 5 जून से 21 जून तक संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनकल्याण शिविर, पर्यावरण संरक्षण अभियान, मीडिया संवाद, योग शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, स्वच्छ भारत अभियान और प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, दलित, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। किसानों के हित में योजनाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास और देश के सर्वांगीण विकास को भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि देश के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ लगातार देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण 12 वर्ष आगामी 7 जून को पूर्ण हो रहे हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
कार्यशाला में विधायक जीएस धर्मेश, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, ओम प्रकाश, मनवीर चौहान, अतुल गर्ग, विकास भारद्वाज, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, बॉबी लाले, दीपू जादौन, मनमोहन कुशवाह, नवीन गौतम, अनीता खरे, निधि शर्मा, अनिल सारस्वत, मुकेश गुप्ता, नेहा गुप्ता, माधुरी माहौर, विकास गुप्ता, नंदी महाजन, विजय श्रीवास्तव, नवीन प्रजापति, शोभाराम राठौर, श्याम सिंह चाहर, बंटी धाकड़, कुशल गोयल सहित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।