तरबूज तोड़ने पर 13 साल के मासूम की हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ शव, तनाव
आगरा के बसई जगनेर क्षेत्र में तरबूज तोड़ने के विवाद में 13 साल के बच्चे अमृत की हत्या कर दी गई। खेत में उसका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। थाना बसई जगनेर क्षेत्र के सोनी खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत से तरबूज तोड़ने के विवाद में 13 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गई। मासूम का खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को नहीं उठने दिया।
घटना के अनुसार, सोनी खेड़ा निवासी नरेश कुशवाह का 13 वर्षीय बेटा अमृत दोपहर में खेतों की ओर गया था। शाम करीब 5 बजे तक उसके वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान अमृत की बहन उसे खोजते हुए खेतों तक पहुंची, जहां उसने जो दृश्य देखा, उससे उसके होश उड़ गए। खेत में अमृत का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और चेहरा पूरी तरह खून से सना हुआ था। पास ही एक थैली में तरबूज और एक चाकू भी पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और शव को उठाने से इनकार कर दिया। मृतक के पिता नरेश कुशवाह ने आरोप लगाया कि खेत को बंटाई पर लेने वाले लोगों ने तरबूज तोड़ने को लेकर उनके बेटे की हत्या की है।
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए क्षेत्र में कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामनाथ सिकरवार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। वहीं आदित्य कुमार (डीसीपी वेस्ट) ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। रात करीब साढ़े 8 बजे तक परिजन खेत में ही डटे रहे और शव को उठाने नहीं दिया। पुलिस के समझाने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
डीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।