लखनऊ अग्निकांड में 14 बच्चों की मौत, सीएम योगी और पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
लखनऊ की जिस जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लॉर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर 3डी आर्ट स्टूडियो और बच्चों की लाइब्रेरी संचालित हो रही थी।
लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में आज सोमवार दोपहर लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई लोगों को ऊंचाई से कूदना पड़ा, जबकि कुछ लोग पाइप के सहारे नीचे उतरकर बाहर निकले। इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लॉर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर 3डी आर्ट स्टूडियो, कंप्यूटर कोडिंग से जुड़ा कार्य और बच्चों की लाइब्रेरी संचालित हो रही थी। आग लगने के बाद सबसे पहले पेट शॉप में मौजूद जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगातार लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। देर शाम तक कुल 9 लोगों को इमारत से बाहर निकाले जाने की सूचना है। कई लोगों को स्ट्रेचर पर निकालकर एंबुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, चार घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। एक व्यक्ति को जब बाहर निकाला गया तो उसके शरीर में कोई हरकत दिखाई नहीं दे रही थी। हालांकि मौतों की संख्या को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभी सही आंकड़ा मुझे नहीं पता लेकिन 14 डेड बॉडी मेरी आँखों के सामने से गए। इस घटना के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। अभी मुझे जानकारी मिली है कि 14 बच्चों की मौत हुई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें। हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें।