ताजमहल पर 17 वर्षीय पर्यटक की बिगड़ी तबीयत, सीआईएसएफ और पुलिस की तत्परता से बची जान

उड़ीसा के भुवनेश्वर से ताजमहल घूमने आई 17 वर्षीय देवास्मिता मिश्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पश्चिमी प्रवेश द्वार पर चेकिंग के दौरान गर्मी के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। एम्बुलेंस बुलाकर युवती को पर्यटक सुविधा केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत में सुधार हुआ। परिवार ने समय पर मदद के लिए पुलिस और सीआईएसएफ का आभार जताया।

Jun 16, 2026 - 10:45
 0
ताजमहल पर 17 वर्षीय पर्यटक की बिगड़ी तबीयत, सीआईएसएफ और पुलिस की तत्परता से बची जान
ताजमहल में गर्मी से हालात बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मी पर्यटक को प्राथमिक चिकित्सा देते हुए।

आगरा। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर एक महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते युवती को समय रहते चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार उड़ीसा के भुवनेश्वर निवासी 17 वर्षीय देवास्मिता मिश्रा अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा आई थीं। मंगलवार को जब वह ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजर रही थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण युवती को घबराहट और सांस लेने में परेशानी महसूस होने लगी। उनकी स्थिति बिगड़ती देख परिवार के सदस्य चिंतित हो गए और मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से तत्काल सहायता की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के उप निरीक्षक पीयूष कुमार ने बिना देर किए मामले की गंभीरता को समझा और ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को अवगत कराया। सूचना पर क्यूआरटी प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

महिला पर्यटक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए ताजमहल पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र से तुरंत एम्बुलेंस मंगवाई गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराते हुए युवती को सुरक्षित रूप से पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार किया गया।

अधिकारियों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से युवती की हालत में तेजी से सुधार हुआ और स्थिति सामान्य हो गई। राहत मिलने के बाद देवास्मिता मिश्रा और उनके परिवारजनों ने सीआईएसएफ तथा आगरा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

गौरतलब है कि आगरा सहित पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिसके चलते पर्यटकों और आम लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें तथा अत्यधिक गर्मी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं को लू से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।