आगरा के बटेश्वर धाम में यमुना स्नान के दौरान मैनपुरी का 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबा, तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
आगरा/बटेश्वर। पवित्र तीर्थ नगरी बटेश्वर धाम में यमुना स्नान के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना औंछा क्षेत्र के गांव दलीपुर निवासी 18 वर्षीय विकास पुत्र सुरेश अपनी मां हरिप्यारी के साथ गांव के संजीव की कैंटर गाड़ी का पूजन कराने बटेश्वर धाम आया था। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद विकास महादेव घाट पर यमुना नदी में स्नान करने लगा।
स्नान के दौरान विकास अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
गोताखोर अनिल गोस्वामी, राजकुमार नरवरिया, बाबू वाल्मीकि और रामू सविता ने लगातार करीब तीन घंटे तक यमुना नदी में खोजबीन की। शाम करीब पांच बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घटना के बाद बटेश्वर धाम क्षेत्र में शोक का माहौल है।