2027 का शंखनाद दादरी से: अखिलेश यादव 29 मार्च को करेंगे समानता–भाईचारा रैली, आगरा में भाजपा पर गरजे राजकुमार भाटी
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी 29 मार्च 2026 को दादरी में आयोजित होने वाली समाजवादी समानता भाईचारा रैली के माध्यम से वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का औपचारिक शंखनाद करेंगे। इसी रैली की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी बुधवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने रैली की रूपरेखा साझा की और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रेस वार्ता में राजकुमार भाटी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि विकास पूरी तरह ठप हो चुका है। उन्होंने कहा कि आज सरकार के पास केवल तीन हथियार बचे हैं- मुकदमा, मुठभेड़ और बुलडोजर। उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ सपा नेता आजम खान पर 94 फर्जी मुकदमे लगाए गए, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।
आगामी चुनावी रणनीति पर भाटी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बना विपक्षी गठबंधन आगे भी जारी रह सकता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गंभीर और परिपक्व नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राहुल गांधी ने स्वयं को एक मजबूत राष्ट्रीय नेता के रूप में स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरों पर निशाना साधते हुए भाटी ने कहा कि निवेश के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस निवेश नजर नहीं आता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए गठित कृषक आयोग की वर्षों में एक भी प्रभावी बैठक नहीं हो सकी।
उन्होंने बताया कि दादरी में होने वाली इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की लगभग 140 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। रैली की तैयारियां अगस्त 2025 से लगातार चल रही हैं और अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपालों का आयोजन किया जा चुका है।
प्रवक्ता राज कुमार भाटी ने बाद में पार्टीजनों के साथ भी बैठक कर रैली की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव लल्ला सिंह गुर्जर, श्रीकृष्ण वर्मा, राजपाल यादव, मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति, मधुकर अरोरा, देवेन्द्र सिंह यादव, बलविंदर सिंह जाटव, संतोष पाल, सुधीर दुबे, पहलाद गुर्जर, प्रियंका चौहान, गुड्डी भारती, सुरेन्द्र चौधरी, राहुल चतुर्वेदी, कासिफ अली, मुबीन उस्मानी, आसिफ, विनोद श्रोतिया, काशिफ अली शाह, मोहम्मद ज़ेब अफ़रीदी उर्फ़ आशु, हर्षवर्धन धाकड़, ओम पंडित, विजय यादव, मिर्जा सलमान खान सहित जिला कार्यालय प्रभारी एवं बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।