आगरा के फतेहाबाद में माथुर वैश्य महासभा के शिविर में 248 रक्तवीरों ने किया रक्त का महादान
फतेहाबाद। समाज सेवा और मानव जीवन बचाने के संकल्प के साथ अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा, मंडलीय परिषद द्वारा रविवार को फतेहाबाद के कान्हा वन गार्डन में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर जनसेवा का प्रेरक उदाहरण बन गया। सुबह से शाम तक चले इस महाअभियान में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भारी भागीदारी के बीच कुल 248 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदान करने वाले सभी लोगों का संस्था की ओर से अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति-उपहार देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा, मंडलीय परिषद के संरक्षकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस शिविर में फतेहाबाद कस्बे के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में युवाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला और महिलाओं ने भी आयोजन में सहयोग किया।
मंडल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा द्वारा 19 जुलाई को पूरे देश में एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। उसी श्रृंखला में फतेहाबाद में भी यह विशाल शिविर लगाया गया, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सबसे बड़ी सेवा है, बल्कि इससे रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को संस्था की ओर से अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति-चिह्न और उपहार भी भेंट किए गए। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में समाज सेवा और मानव कल्याण का वातावरण दिखाई दिया।
इस अवसर पर डॉ. रामनिवास गुप्ता, बंगाली मल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता, मंडल मंत्री सचिन गुप्ता, प्रदीप शल्या, कृष्ण मुरारी सराफ, दिनेश चंद्र गुप्ता, मुकेश शल्या, उमाशंकर गुप्ता, संजय अनवरिया, गौरव गुप्ता, सानू गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, दिलीप गुप्ता सहित मंडलीय परिषद के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक समाज सेवा का संदेश पहुंच सके।
Top of Form
Bottom of Form
Top of Form
Bottom of Form
Top of Form
Bottom of Form
Bottom of Form