आगरा में ‘फ्रेंचाइजी’ के नाम पर 25 लाख की ठगी, जान से मारने की धमकी का आरोप

आगरा में रिचर एग्रो क्रप इंडिया कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए गए। फर्जी दस्तावेज दिखाकर पैसे लेने के बाद न फ्रेंचाइजी दी गई, न माल। पैसे मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

May 2, 2026 - 12:16
 0
आगरा में ‘फ्रेंचाइजी’ के नाम पर 25 लाख की ठगी, जान से मारने की धमकी का आरोप
इमेज फोटो

आगरा। शहर में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। रिचर एग्रो क्रप इंडिया कंपनी की कथित फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 25 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज दिखाकर उसे भरोसे में लिया और मोटी रकम वसूल ली।

पीड़ित प्रतेन्द्र पाल के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें कंपनी की फ्रेंचाइजी देने और कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने का वादा किया था। शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए कई तरह के दस्तावेज और योजनाएं दिखाईं गईं, जिसके बाद उन्होंने अलग-अलग चरणों में करीब 25 लाख रुपये जमा कर दिए।

रकम लेने के बाद न तो फ्रेंचाइजी दी गई और न ही किसी प्रकार का माल उपलब्ध कराया गया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोप है कि अमित शर्मा, रजनी और अन्य संबंधित लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने थाना एकता में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।