संजय प्लेस से ठगे 25 लैपटॉप, साइबर सेल ने महिला सहित गैंग के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार

आगरा में साइबर सेल और हरीपर्वत पुलिस ने फर्जी IT कंपनी बनाकर लैपटॉप ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने 38 लैपटॉप और 74 हजार रुपये बरामद किए हैं। गैंग संजय प्लेस की कंप्यूटर फर्म से 25 डेल लैपटॉप ठगकर फरार हो गया था। आरोपी सस्ते दामों में लैपटॉप बेचते थे। पुलिस गैंग के नेटवर्क की जांच कर रही है।

May 21, 2026 - 15:26
 0
संजय प्लेस से ठगे 25 लैपटॉप, साइबर सेल ने महिला सहित गैंग के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार
लैपटॉप ठगने वाले गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी देतीं एसीपी।

आगरा। आगरा में साइबर सेल और थाना हरीपर्वत पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लैपटॉप ठगी करने वाले एक हाईटेक गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला समेत चार शातिर आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पुराने बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 38 लैपटॉप और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी आईटी कंपनी बनाकर ऑनलाइन और फोन के जरिए महंगे लैपटॉप मंगवाते थे और भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे। गैंग ने हाल ही में संजय प्लेस स्थित “एम्पायर कंप्यूटर सर्विसेज” को निशाना बनाया था। यहां से 25 डेल लैपटॉप की डिलीवरी ली गई, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

जांच में सामने आया कि गैंग की महिला सदस्य ने खुद को “एमेड्यूस आईटी ग्रुप्स” नाम की कंपनी की कर्मचारी बताते हुए लैपटॉप का ऑर्डर दिया था। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए प्रोफेशनल तरीके से बातचीत की और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। डिलीवरी मिलने के बाद सभी मोबाइल नंबर बंद कर दिए गए और आरोपी फरार हो गए।

मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और हरीपर्वत पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ठगे गए लैपटॉप को राह चलते लोगों और छोटे कारोबारियों को सस्ते दामों में बेच देते थे। बरामद लैपटॉप में डेल, एचपी और लेनोवो जैसी कंपनियों के महंगे सिस्टम शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला आरोपी और गैंग का कथित मास्टरमाइंड पहले भी नागपुर में इसी तरह के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने करीब साढ़े छह लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।