आईपीएल में पहली बार चेज हुआ 264 रन, पंजाब किंग्स ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया। दिल्ली की ओर से रखे गए 265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब टीम ने 18. 5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज कर ली। पंजाब की सात मैचों में यह छठी जीत है जबकि दिल्ली को सात मैचों में चौथी हार मिली। आईपीएल इतिहास का यह सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम था जो उसने 262 रन बनाकर महारिकॉर्ड बनाया था।
नई दिल्ली। आईपीएल के इतिहास में जब भी असंभव कारनामों की बात होगी, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुआ यह मुकाबला स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए, लेकिन 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करना किसी चमत्कार से कम नहीं था। पंजाब किंग्स ने न केवल इस विशाल लक्ष्य को हासिल किया, बल्कि आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन-चेज कर दुनिया को हैरान कर दिया। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब इतना बड़ा स्कोर चेज हुआ है। इससे पहले पंजाब ने ही केकेआर के खिलाफ 262 रन का स्कोर पहले चेज किया था। यह टी20 क्रिकेट में भी सबसे बड़ा रन चेज है। पंजाब ने 18.5 ओवर में 4 विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीत लिया।
पंजाब किंग्स के इरादे कुछ और ही थे. 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने पहली गेंद से ही ‘आर-पार’ की जंग शुरू कर दी। प्रियांश आर्या ने 43 रनों की तेज शुरुआत दी, तो दूसरी ओर प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली के स्पिनर्स पर कहर बरपाते हुए मात्र 26 गेंदों में 76 रन कूट डाले। मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और 71 रनों की नाबाद कप्तानी पारी खेलकर जीत की नींव पक्की की। नेहल वढेरा और शशांक सिंह के उपयोगी योगदान की बदौलत पंजाब ने यह ऐतिहासिक लक्ष्य महज 18.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया। यह मैच केवल चौकों-छक्कों की बारिश नहीं था, बल्कि टी-20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप की गवाही थी। पंजाब किंग्स की 6 विकेट से यह जीत साबित करती है कि आधुनिक क्रिकेट में अब कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं है। 14.07 के अविश्वसनीय रन रेट के साथ पंजाब ने वह कर दिखाया जो अब तक लीग के इतिहास में कभी नहीं हुआ था।
दिल्ली की ओर से दिए गए 265 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 6.5 ओवर में 126 रन जोड़ लिए थे। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को धुआंधार शुरुआत दिलाई लेकिन इसी स्कोर पर प्रियांश आर्या 17 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रभसिमरन भी पवेलियन लौट गए। प्रभसिमरन सिंह 26 गेंदों पर 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 132 के स्कोर पर प्रभसिमरन सिंह के आउट होने के बाद कूपर कॉनली भी 145 के स्कोर पर चलते बने। तीन विकेट जल्दी जल्दी गिरने के बाद पंजाब लय खो बैठा। नेहाल बढ़ेरा अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन विप्रज निगम ने उन्हें 25 रन के निजी स्कोर पर करुण नायर के हाथों कैच कराया।
इससे पहले, केएल राहुल की आक्रामक नाबाद शतकीय पारी और नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 गेंदों में 220 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 264 रन बनाए। यह मौजूदा सत्र का सर्वोच्च स्कोर होने के साथ आईपीएल इतिहास में कैपिटल्स का सबसे बड़ा स्कोर है। आईपीएल में अपने छठे शतक के दौरान राहुल ने 67 गेंदों की पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए, जबकि राणा ने 44 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाए। दोनों की 220 रन की साझेदारी आईपीएल की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इस जोड़ी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 2016 में दूसरे विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की थी।