शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 30 महिलाओं को किया गया सम्मानित

सिकंदरा के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया और नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। विभिन्न गतिविधियों, लकी ड्रॉ और महिला स्टॉल के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।

Mar 8, 2026 - 18:11
 0
शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 30 महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में शामिल महिलाएं।

आगरा। आगरा के सिकंदरा स्थित श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित कर नारी शक्ति और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ प्रीति जैन, डॉ प्रीति सिंघई, बीना बैनाड़ा,भाजपा मण्डल अध्यक्ष राहुल जैन, माया जैन, विशिष्ट अतिथि रश्मि जैन, ममता जैन, शशि बैनाड़ा और पूर्व पार्षद सुषमा जैन द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर शांतिनाथ महिला मंडल और शांतिनाथ वधुलिका मंडल की महिलाओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में उन 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा से समाज में नई पहचान बनाई है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं को नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन उपासना जैन और हेमलता जैन ने किया। इस दौरान उपासना जैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी त्याग, ममता, साहस और आत्मबल का अद्भुत संगम है, जो हर परिस्थिति में समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि “हर नारी अद्भुत और अनुपम है। महिलाएं अपने कार्य और संघर्ष से समाज को यह संदेश देती हैं कि कोई भी काम छोटा नहीं होता और मेहनत से हर चुनौती को जीता जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की नारी शिक्षा, व्यवसाय, समाजसेवा और नेतृत्व जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है और समाज को नई दिशा दे रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, प्रेरणादायक कार्यक्रमों और लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। लकी ड्रॉ में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए। इसके साथ ही महिलाओं ने अपने-अपने स्टॉल भी लगाए, जिनमें हस्तशिल्प, गृह उपयोगी वस्तुएं और विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।

इस अवसर पर अर्चना जैन (अध्यक्ष, शांतिनाथ महिला मंडल), हेमलता जैन (मंत्री), शुचि जैन, मीनू जैन, चंचल जैन, भारती जैन तथा उपासना जैन (अध्यक्ष, शांतिनाथ वधुलिका मंडल), रश्मि जैन (मंत्री), रजनी जैन, सुभी जैन, तुलसी जैन, रचना जैन, प्रगति जैन, शशि बैनाड़ा, चंद्रा जैन, बेबी जैन, सुनीता जैन, शिखा जैन, दीप्ती जैन, कुसुम जैन समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज में नारी सम्मान और समान अवसरों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।