ताज प्रेस क्लब के 36 साल: संघर्ष, सम्मान और पत्रकारिता के स्वाभिमान की गौरवगाथा, ‘यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब’ स्मारिका का विमोचन

आगरा। ताज प्रेस क्लब का 36वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को विश्वविद्यालय के संस्कृति भवन में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पत्रकारिता के संघर्ष, सम्मान और गौरवशाली इतिहास को समर्पित इस आयोजन में वरिष्ठ पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

May 23, 2026 - 20:15
May 23, 2026 - 21:08
 0
ताज प्रेस क्लब के 36 साल: संघर्ष, सम्मान और पत्रकारिता के स्वाभिमान की गौरवगाथा, ‘यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब’ स्मारिका का विमोचन
डॊ. आंबेडकर विवि के संस्कृति भवन में ताज प्रेस क्लब की स्थापना के 36 साल पूरे होने पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में ‘यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब’ स्मारिका का विमोचन करते अतिथिगण और पत्रकार।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस एवं आगरा के जिलाधिकारी रह चुके अमल कुमार वर्मा, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पूर्व मंत्री एवं विधायक चौधरी बाबूलाल, संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना एवं पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद संगीत कला केंद्र के छात्र-छात्राओं ने भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब स्मारिका का हुआ लोकार्पण

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में ताज प्रेस क्लब की विशेष स्मारिका ‘यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब’ का लोकार्पण किया गया। स्मारिका के प्रधान संपादक गजेंद्र यादव, संपादक आदर्श नंदन गुप्त एवं डॉ. महेश धाकड़ हैं।

कार्यक्रम में एक शॉर्ट फिल्म के माध्यम से ताज प्रेस क्लब की 36 वर्षों की संघर्ष यात्रा, उपलब्धियों और विकास की कहानी को प्रदर्शित किया गया। फिल्म में पत्रकारिता के उतार-चढ़ाव, संगठन की चुनौतियों और पत्रकारों के स्वाभिमान की लड़ाई को देखकर उपस्थित लोग भावुक भी हुए और गौरवान्वित भी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त आईएएस अमल कुमार वर्मा ने अपने आगरा में जिलाधिकारी कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि आगरा की पत्रकारिता सदैव सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ी रही है। उन्होंने पत्रकारों की जुझारू कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब वे आगरा के डीएम थे, तब से आगरा बहुत बदल गया है। यहां अच्छा विकास हुआ है, जिसे देखकर खुशी हुई।

पूर्व मंत्री एवं विधायक चौधरी बाबूलाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताज प्रेस क्लब के सभी पूर्व पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का सशक्त प्रहरी है और पत्रकारों की भूमिका लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पूर्व मंत्री सीपी राय ने ताज प्रेस क्लब को देश के विभिन्न राज्यों के प्रेस क्लबों से संबंधता और मान्यता दिलाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे संस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलेगी।

संघर्ष से बना ताज प्रेस क्लब का इतिहास

प्रारंभ में क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने स्वागत संबोधन में कहा कि ताज प्रेस क्लब को उसकी ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप नया स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापना से लेकर आज तक पत्रकारों के संघर्ष और विकास की पूरी यात्रा को स्मारिका में विस्तार से संजोया गया है।

स्मारिका के प्रधान संपादक एवं क्लब के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि पत्रिका में 36 वर्षों के संघर्ष, उतार-चढ़ाव और बदलती पत्रकारिता के स्वरूप को स्मारिका में समाहित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में पत्रकारों को प्रेस क्लब से बेदखल कर दिया गया था और 1993 तक पत्रकार प्रेस क्लब विहीन रहे।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन मेयर रमेश कांत लवानिया के सहयोग से कुछ सफलता मिली, जबकि 27 जून 1997 को तत्कालीन मेयर बेबीरानी मौर्य के प्रयासों से पत्रकारों को पूर्ण सफलता प्राप्त हुई।

गजेंद्र यादव ने बताया कि स्मारिका में महिला पत्रकारिता, पूर्व सदस्यों की स्मृतियां और वर्तमान पत्रकारिता में गिरते मूल्यों जैसे ज्वलंत विषयों पर भी गंभीर लेख प्रकाशित किए गए हैं।

पत्रकारिता लोकतंत्र की चेतना है

संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने कहा कि ताज प्रेस क्लब ने सदैव पत्रकारों की आवाज को मजबूती देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र की चेतना को जीवित रखने का दायित्व भी निभाती है।

दिवंगत पत्रकारों के परिजनों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दूसरे चरण में दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय ओम पाराशर, स्वर्गीय प्रशांत कुलश्रेष्ठ, स्वर्गीय विनोद अग्रवाल और स्वर्गीय विजय शर्मा के परिजनों को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा ताज प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पत्रकारों में अनिल शर्मा, बच्चन सिंह सिकरवार, किशन चतुर्वेदी, विनोद भारद्वाज, अशोक अग्निहोत्री, डॉ. गिरजा शंकर, हेमंत लवानिया, सुभाष रावत, विजय अग्रवाल, सुनील शर्मा, ओम ठाकुर, एसपी सिंह और मुकेश वर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में क्लब के महासचिव विवेक जैन और अन्य पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रेस फोटोग्राफर्स, कैमरामैन, मीडिया प्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor