पद्मावती पुरवाल समाज के मंच पर 400 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने दिया परिचय, सामाजिक एकता का बना नया इतिहास
आगरा। आधुनिक जीवनशैली, संयुक्त परिवारों के विघटन और सीमित सामाजिक संपर्कों के बीच विवाह योग्य युवक-युवतियों को उपयुक्त जीवनसाथी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल भारतीय दिगम्बर जैन पद्मावती पुरवाल पंचायत महासभा (पंजीकृत) द्वारा आगरा में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन के भूतल परिसर में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए लगभग 350 से 400 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच के माध्यम से अपना परिचय दिया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अभियंताओं, उद्योगपतियों तथा विभिन्न राज्यों से आए समाजबंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
आचार्य श्री विमलसागर महाराज के आशीर्वाद से हुआ आयोजन
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन (फिरोजाबाद) एवं राष्ट्रीय महामंत्री सुशील कुमार जैन (आगरा) ने बताया कि कार्यक्रम निमित्तज्ञानी आचार्य श्री 108 विमलसागर महाराज के आशीर्वाद से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसे परिचय सम्मेलन समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि यह परिवारों को सुरक्षा, विश्वास और विश्वसनीय वातावरण में वैवाहिक संबंध स्थापित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इन अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख कोल्ड व्यवसायी बलवीर जैन एवं राजीव जैन (आगरा) रहे। मंच उद्घाटनकर्ता के रूप में अजित प्रसाद जैन, मृदुल जैन एवं सचिन जैन (इंदिरापुरम, गाजियाबाद) उपस्थित रहे। स्वागताध्यक्ष के रूप में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार जैन परिवार (आगरा) मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन (फिरोजाबाद) ने की।
ध्वजारोहण, चित्र अनावरण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. बीना जैन एवं डॉ. मनीष जैन (फिरोजाबाद) द्वारा ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात सुशील जैन (बंटू), रवीश जैन (लोहे वाले), मनोज जैन (आगरा) एवं सत्येन्द्र जैन एडवोकेट (टूण्डला) ने आचार्य विमलसागर महाराज, आचार्य सनमति महाराज तथा भगवान महावीर स्वामी के चित्रों का अनावरण किया। दीप प्रज्ज्वलन पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन (एटा) ने किया।
350 से अधिक युवक-युवतियों ने दिया परिचय
सम्मेलन में लगभग 400 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय प्रस्तुत किया। इनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट, चिकित्सक, अभियंता, उच्च शिक्षित एवं विभिन्न पेशों से जुड़े प्रतिभागियों ने भाग लेकर सम्मेलन को गरिमामय बनाया। परिवारों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संभावित वैवाहिक रिश्तों के लिए संवाद स्थापित किया।
देशभर से पहुंचे समाजबंधु
सम्मेलन में आगरा, फिरोजाबाद, टूण्डला, शिकोहाबाद, एटा, अलीगढ़, दिल्ली, इंदौर, भोपाल, गुजरात, जयपुर, अजमेर, मुंबई, कोलकाता सहित विभिन्न शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में गौरव अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनेक समाजसेवियों, उद्योगपतियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
समाजहित में ऐतिहासिक पहल बताया
पुष्पेन्द्र जैन पथिक ने कहा कि यह आयोजन सम्पूर्ण पद्मावती पुरवाल समाज के सहयोग से भव्य एवं ऐतिहासिक रूप में सम्पन्न हुआ। समाज के संरक्षक रमेशचन्द्र जैन (राशन वाले) ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे सम्मेलन समाज की आवश्यकता हैं और वर्तमान कार्यकारिणी ने समाज को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कार्य किया है। शोभित जैन, शैलेन्द्र जैन, डॉ. अतुल जैन (प्राचार्य) एवं मुकेश जैन (प्राचार्य) ने भी इसे समाज को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का मंगलाचरण कु. वारिधी जैन (फिरोजाबाद) ने नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। मंच संचालन सुशील कुमार जैन (आगरा), ज्योतिषाचार्य पाण्डेय जयन्त कुमार जैन (टूण्डला), श्रीमती राखी जैन (अहमदाबाद) एवं श्रीमती उपासना जैन (आगरा) ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन विमल प्रभावना ग्रुप की मुख्य संयोजिका श्रीमती संगीता जैन एवं उनकी टीम ने किया। संजीव कुमार जैन (अरुण केमिस्ट) तथा श्रीमती संगीता जैन ने भी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की हुई सराहना
आयोजक समिति ने बाहर से आए सभी अतिथियों के ठहरने, स्वल्पाहार, दोपहर के चाट एवं सायंकालीन भोजन की समुचित व्यवस्था की। आयोजन की व्यवस्थाओं में राजीव जैन केसरी, सौरभ जैन, विमल जैन हिपोलीन, अंशुल जैन (सीए), हरीश चन्द्र जैन, चक्रेश जैन, अनिल कुमार जैन सहित अनेक पदाधिकारियों एवं युवाओं ने सक्रिय सहयोग किया।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन एवं स्वागताध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने देशभर से आए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सहयोगियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।