बाल कृष्ण के रूपों में सजे 47 नन्हें कान्हा, सीएल कान्वेंट स्कूल में सजा भक्ति और संस्कृति का मनोहारी रंग

आगरा। गढ़ी भदौरिया, प्रतापनगर स्थित सीएल कान्वेंट स्कूल में छोटे-छोटे 47 बच्चे जब बाल कृष्ण के विभिन्न रूपों में सजे तो पूरा परिसर कान्हा की बाल लीलाओं से जीवंत हो उठा। संस्कार भारती कला साधिका समिति की ओर से आयोजित बाल कृष्ण रूप सज्जा कार्यक्रम में बच्चों ने मनोहारी प्रस्तुतियों से अभिभावकों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम चार आयु वर्गों में आयोजित किया गया।

Sep 1, 2026 - 18:11
 0
बाल कृष्ण के रूपों में सजे 47 नन्हें कान्हा, सीएल कान्वेंट स्कूल में सजा भक्ति और संस्कृति का मनोहारी रंग
सीएल कान्वेंट स्कूल में संस्कार भारती कला साधिका समिति की ओर से आयोजित बाल कृष्ण रूप सज्जा कार्यक्रम में शामिल बच्चों की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ व्रज प्रांत के महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, संस्कार भारती की मंत्री नीता गर्ग, विद्यालय के निदेशक नितेश शर्मा, प्रधानाचार्य आरडी कटारा, प्रबंधक योगेश शर्मा, प्रधानाचार्या ममता शर्मा, प्रणव ठाकुर और शिप्रा गोयल ने किया। इसके बाद ध्येय गीत का गायन हुआ।

संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने बाल कृष्ण रूप सज्जा की महत्ता बताते हुए कहा कि बच्चों को कृष्ण के रूप में सजाने में पूरा परिवार और शिक्षक मेहनत करते हैं, इसलिए वे भी बधाई के पात्र हैं। एक साथ इतने कान्हाओं को देखना सुखद अनुभव है। विद्यालय के निदेशक नितेश शर्मा ने भी संस्कार भारती के आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

इसके बाद बच्चों ने बाल कृष्ण के विभिन्न मनोहारी रूप प्रस्तुत किए। अभिभावकों और संस्कार भारती के सदस्यों ने तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्रत्येक आयु वर्ग में तीन श्रेष्ठ प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार दिए गए। निर्णायक मंडल में वन्दना तिवारी, सुनीता पाठक, समीक्षा गोयल और मीना शर्मा शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

निदेशक नितेश शर्मा, प्रधानाचार्य आरडी कटारा, प्रबंधक योगेश शर्मा, प्रधानाचार्या ममता शर्मा, कला साधिका समिति की अध्यक्षा अनीता भार्गव और संस्कार भारती आगरा महानगर के महामंत्री ओएस गर्ग ने बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरित किए।

कार्यक्रम का संचालन बबीता पाठक ने किया और आभार ज्ञापन मीना अग्रवाल ने किया। कला साधिका की रेनू सिंघल, निर्मल अग्रवाल, अंजुली बंसल, नीलम उपाध्याय, माला सिंघल, रितिका अरोड़ा, अंजू श्रीवास्तव सहित कला साधिका की बहनों और बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी ने आयोजन को सफल बनाया।

SP_Singh AURGURU Editor