शिवहरे समाज के शिविर में 55 यूनिट रक्तदान, युवाओं से गड्ढे भरने और हेलमेट पहनने की अपील
आगरा। समाज सेवा और जनजागरूकता का अनूठा संदेश देते हुए शिवहरे समाज एकता परिषद की ओर से समर्पण ब्लड बैंक में आयोजित द्वितीय रक्तदान शिविर में 55 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। परिषद के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अतुल शिवहरे की स्मृति में आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने जोरदार समर्थन दिया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ सहकारी समिति के चेयरमैन के.के. शिवहरे, बिजनेश शिवहरे, अरविंद शिवहरे, कमल गुप्ता एडवोकेट, कुलभूषण गुप्ता एवं रामसिया विकास गुप्ता ने स्वर्गीय अतुल शिवहरे के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया। इसके बाद समाज के लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा गया कि युवाओं की एक स्वयंसेवी टीम गठित की जाए, जो अपने संसाधनों से प्रतिदिन सुबह दो घंटे सड़कों के गड्ढों की मरम्मत का कार्य करे। इसके साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प लेने की अपील की गई। दोनों प्रस्तावों का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि के साथ समर्थन किया।
शिविर में परिषद के अध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता, अंशुल शिवहरे, हिमांशु शिवहरे, अंकुर शिवहरे, वरुण गुप्ता एडवोकेट, पंकज शिवहरे, नवीन शिवहरे, कुशल शिवहरे, सुनील शिवहरे, सावन शिवहरे, विकास गुप्ता, सचिन गुप्ता, विवेक गुप्ता, नवनीत गुप्ता, अमित गुप्ता, अनुज गुप्ता सहित समाज के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन अमित शिवहरे ने किया। आयोजन के अंत में रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के लोगों से भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।