नोएडा बवाल में 60 लोग गिरफ्तार, 200 लोगों से पूछताछ, श्रमिकों के प्रदर्शन पर एक्शन

दिल्ली से सटे नोएडा के अलग-अलग औद्योगिक इलाकों में प्रदर्शन चल रहा है। श्रमिक लगातार पत्थरबाजी और आगजनी जैसे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में एक स्कूल बस फंस गई, जिसमें बच्चे सवार थे। अचानक बवाल के बीच बस रुकने के कारण बच्चे रोने लगे। ऐसे में स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को पास में मौजूद होटल में सुरक्षित पहुंचाया गया। 

Apr 13, 2026 - 21:25
 0
नोएडा बवाल में 60 लोग गिरफ्तार, 200 लोगों से पूछताछ, श्रमिकों के प्रदर्शन पर एक्शन


 

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा, फरीदाबाद और बुलंदशहर के औद्योगिक इलाकों में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान जगह-जगह आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि फिलहाल हालात काबू में हैं लेकिन बवाल के बाद की तस्वीरें काफी भयावह हैं। सड़कों पर पत्थर बिखरे हुए हैं, जली हुई गाड़ियां खड़ी हैं। जगह-जगह बिल्डिंगों के कांच टूटे हुए हैं। हालांकि नोएडा में हुए इस हिंसक प्रदर्शन की जांच के लिए कमिटी का गठन कर दिया गया है। वहीं सीएम योगी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार श्रमिकों के साथ है। सीएम योगी ने श्रमिकों से अपील भी की कि किसी के बहकावे में ना आएं। साजिशकर्ताओं से बचकर रहें। इसके अलावा नोएडा पुलिस ने उन दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक दावा किया था। एक्स पर कांग्रेसी नेता ने दावा किया था कि नोएडा प्रदर्शन को काबू करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे को फर्जी बताया है।

नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने 200 लोगों से पूछताछ भी की है और इस मामले में एफआईआर दर्ज की है।

नोएडा में हुए बवाल के बाद गाजियाबाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस लगातार इंडस्ट्रियल एरिया में फ्लैग मार्क करके कंपनी मालिक और कर्मचारियों को लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए अपील कर रही है। पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए इंडस्ट्रियल एरिया में फ्लैग मार्च भी निकाला और इस दौरान संदिग्ध लोगों की चेकिंग भी की। पुलिस ने कर्मचारियों से अपील की कि वह किसी भी स्थिति में क्षेत्र के अंदर हिंसक माहौल नहीं बनाएं और क्षेत्र के अंदर शांति व्यवस्था बनाए रखें। एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अलर्ट मोड पर है और लगातार फ्लैग मार्च करते हुए चेकिंग अभियान चला रही है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार से माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। अगर किसी ने भी माहौल को बिगड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

नोएडा हिंसा पर योगी सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बयान जारी करते हुए कहा कि नोएडा की घटना साजिश की ओर संकेत करती है। मेरठ, नोएडा में चार आतंकियों की गिरफ्तारी हुई थी। पाकिस्तान में बैठे हैंडलर इन चारों से संपर्क में थे। श्रमिक भाई बहनों से निवेदन है कि ऐसी भारत विरोधी तत्वों के हाथ की कठपुतली न बने। सरकार श्रमिकों के साथ है। कोई बात है तो सरकार और अफसरों से कहें। श्रमिकों की मांग को लेकर सरकार संवेदनशील है। यूपी के विकास में श्रमिकों का बड़ा योगदान है, जिसका खुद सीएम आदर करते हैं। श्रमिकों के हितों को लेकर योगी सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रही है। श्रमेव जयते को सरकार धरातल पर उतार रही है। यूपी का विकास कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा, वो साजिश कर रहे। श्रमिक भाई शांति बनाए रखें। हम लोग सुनने को तैयार है। श्रमिकों से बात करने के लिए सीएम ने वरिष्ठ अफसरों को भेजा है।

इससे पहले नोएडा सेक्टर 63 के थाने का मजदूरों ने घेराव कर दिया। वहीं सेक्टर 83 में भारी संख्या में मजदूर एकत्रित हो गए हैं, जिन्हें पुलिस अधिकारी समझा रहे हैं। 

नोएडा के सेक्टर 63 बी ब्लॉक में प्रदर्शन के दौरान कुछ गाड़ियों में शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। नोएडा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के सामने धक्का-मुक्की की घटनाएं भी सामने आईं। एक वीडियो में एसएचओ अमित काकरान बीच-बचाव में सक्रिय दिखे।