आगरा के श्री राम शशि लिम्ब सेंटर में मात्र 35 हजार में हाई-टेक कृत्रिम पैर से 72 वर्षीय राजवीर सिंह को मिली राहत, पहले ही दिन चलने लगे
आगरा। दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और नई ऊर्जा का संचार करते हुए आगरा का श्री राम शशि आर्टिफिशियल लिम्ब सेंटर एक बार फिर चर्चा में है। यहां मथुरा निवासी 72 वर्षीय राजवीर सिंह, जिनका पैर कट जाने के बाद लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी, को हाई-टेक कृत्रिम पैर लगाया गया, जिससे वे पहले ही दिन से चलने में सक्षम हो गए।
यह कृत्रिम पैर मात्र 35,000 रुपये में उपलब्ध कराया गया, जिसमें 12,000 रुपये की कार्बन फुट तकनीक भी शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसी प्रकार का हाई-टेक कृत्रिम पैर बाजार में लगभग 1.25 लाख से 1.5 लाख रुपये तक की कीमत में उपलब्ध होता है।
संस्था पिछले आठ वर्षों से दिव्यांगजनों की सहायता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। यह केंद्र विकलांग सहायता संस्था, आगरा शाखा से जुड़े सदस्यों द्वारा संचालित किया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों में अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश, सचिव अनिल अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुनील विकल, सुनील अग्रवाल, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता तथा हरीश चावला एवं कोषाध्यक्ष आनंद खंडेलवाल शामिल हैं।
दिव्यांग सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट आगरा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. वी. के. गुप्ता ने बताया कि श्री राम शशि आर्टिफिशियल लिम्ब सेंटर इसी ट्रस्ट की एक सहयोगी संस्था है। उन्होंने बताया कि राजवीर सिंह लंबे समय से कृत्रिम पैर की समस्या से जूझ रहे थे और पहले लगाए गए पैर से उन्हें पर्याप्त राहत नहीं मिल रही थी, जिसके बाद उन्हें इस सेंटर में अत्याधुनिक तकनीक का लाभ मिला।
उन्होंने बताया कि इस तरह की तकनीक और सेवा का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंदों को कम लागत में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें। इच्छुक व्यक्ति सहायता हेतु उनसे मोबाइल नंबर 9410666978 पर संपर्क कर सकते हैं।