आगरा में स्विमिंग पूल में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
आगरा के सकतपुर पाली स्थित तेवतिया वाटर पार्क में स्विमिंग पूल में डूबने से 8 वर्षीय मनित पुत्र रोबिन देवासी की मौत हो गई। मनित शाहगंज के अजीत नगर खेरिया गेट का निवासी था और परिवार के साथ वाटर पार्क गया था। सूचना पर थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हाल ही में इसी वाटर पार्क में लॉकर चोरी का मामला भी दर्ज हुआ था।
आगरा। आगरा के सकतपुर पाली सदर स्थित तेवतिया वाटर पार्क में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्विमिंग पूल में डूबने से 8 वर्षीय बालक मनित पुत्र रोबिन देवासी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक मनित शाहगंज क्षेत्र के अजीत नगर खेरिया गेट का निवासी था। बताया गया है कि मनित अपने परिवार के साथ घूमने और नहाने के लिए तेवतिया वाटर पार्क गया था। इसी दौरान वह स्विमिंग पूल में डूब गया। परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस और मिढ़ाकुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बच्चा परिवार के साथ पूछकर और अनुमति लेकर वाटर पार्क गया था। मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सकतपुर पाली स्थित तेवतिया वाटर पार्क पहले भी विवादों में रह चुका है। हाल ही में यहां लॉकर से रुपये और मोबाइल चोरी होने के मामले में एसीपी अछनेरा के निर्देश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मासूम बच्चे की मौत के बाद वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाटर पार्क और स्विमिंग पूल संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।