भाजपा और युवा मोर्चा ने राहुल और सोनिया गांधी का पुतला फूंका

आगरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित के नेतृत्व में आज राजामंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गाँधी एवं राहुल गाँधी के खिलाफ ईडी द्वारा मनी लॉन्डरिंग मामले में चार्जशीट दाखिल होने पर कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को धमकाने के खिलाफ सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी का पुतला दहन किया। इस दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई।

Apr 18, 2025 - 22:12
 0
भाजपा और युवा मोर्चा ने राहुल और सोनिया गांधी का पुतला फूंका

युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष शैलू पंडित ने नेशनल हेराल्ड को कांग्रेस का भ्रष्टाचार मॉडल करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने इसके जरिए 90 करोड़ का कर्ज माफ करके एक यंग इंडियन कंपनी को मात्र 50 लाख रुपए में ही 2000 करोड़ की संपत्ति दे दी। इस कंपनी में गांधी परिवार की 76 फीसदी की हिस्सेदारी है। यदि कांग्रेस पार्टी को अखबार का कर्ज माफ करना ही था तो नेशनल हेराल्ड की मूल कंपनी एसोसिएट जर्नल्स का कर्ज सीधे ही क्यों माफ नहीं किया गया। इसके लिए नई कंपनी क्यों बनाई गई? 

शैलू पंडित ने कहा राहुल गाँधी ने यंग इंडिया नाम से कम्पनी बनाकर युवाओं को ठगने का काम किया है। राहुल गाँधी और सोनिया गाँधी को नैतिक रूप से इस्तीफा दे देना चाहिए। 

भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत ने कांग्रेस शासित राज्यों द्वारा नेशनल हेराल्ड को दिए जाने वाले विज्ञापनों पर भी सवाल उठाया। भाजयुमो नेता गौरव राजावत ने कहा कि नेशनल हेराल्ड एक समय पर दैनिक अखबार था, लेकिन अब यह नियमित रूप से नहीं छपता है, लेकिन फिर भी कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारें इसे जमकर विज्ञापन देती हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल पूछा कि क्या नेशनल हेराल्ड नामक यह अखबार कांग्रेस पार्टी के लिए एटीएम बन गया है?

भाजपा महानगर आगरा अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि उन्हें बताना चाहिए कि आखिर उनके द्वारा शासित राज्यों की सरकारों ने कब-कब और कितना पैसा विज्ञापन खर्च के रूप में नेशनल हेराल्ड को दिया है। उन्होंने कहा कि जो अखबार नियमित रूप से छपता तक नहीं है, उसको दैनिक अखबारों से कम विज्ञापन देना सीधे-सीधे भ्रष्टाचार मॉडल की तरफ इशारा करता है।

पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा एवं भाजयुमो महामंत्री संचित कुलश्रेष्ठ, मनीष साहू, उपाध्यक्ष अजय वशिष्ठ, गोविन्द कुशवाह, लक्की दीक्षित, मंत्री अतुल अवस्थी, सचिन प्रधान, सदस्य मनीष गौतम, मोहित पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष नितिन गौतम, जीतू प्रजापति, एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।