आज शाहगंज और राजामंडी जाने को चुनें अन्य रास्ते, सुबह से बदल जाएंगे रास्ते

आगरा। यदि आप आज शाहगंज, पचकुइयां और राजामंडी की ओर जाना चाहते हैं तो आपको दूसरा रास्ता चुनना होगा। कारण है इस क्षेत्र में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन।

Mar 26, 2025 - 07:48
 0
आज शाहगंज और राजामंडी जाने को चुनें अन्य रास्ते, सुबह से बदल जाएंगे रास्ते

सुबह आठ बजे से ही यातायात व्यवस्था में बदलाव लागू कर दिया जाएगा, जो मुख्यमंत्री के आगरा से जाने के बाद ही पुरानी स्थिति में बहाल हो सकेगा। सीएम करीब तीन बजे तक आगरा में रहेंगे। 

इस क्षेत्र को सुबह आठ बजे से ही पैक कर दिया जाएगा। पुलिस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर यातायात और पार्किंग व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। सुभाष पार्क और नालबंद तिराहे से किसी भी वाहन को कोठी मीना बाजार और शाहगंज नहीं जाने दिया जाएगा। ये वाहन कलक्ट्रेट से होकर निकाले जाएंगे। 

रुई की मंडी से लोहामंडी की ओर जाने वाले वाहनों को बोदला चौराहा से निकाला जाएगा। इसी तरह मदिया कटरा से लोहमंडी या शाहगंज के लिए जाने वाले वाहनों को हरीपर्वत होते हुए एमजी रोड से निकाला जाएगा। 

मुख्यमंत्री के आगमन पर जीआईसी मैदान पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों के वाहन कोठी मीना बाजार, परेड ग्राउंड और पुलिस अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों की पार्किंग डायट सेंटर में होगी। आम लोगों के दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए जूता प्रदर्शनी, शिक्षा भवन, सेंट जॉन्स और आगरा कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।