24 घंटे में मुठभेड़ः कमलानगर में गोली चलाने वाला और शमसाबाद में मोटर चोर घायल

आगरा। जिले के दो थाना क्षेत्रों में शुक्रवार रात अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए। दोनों मुठभेड़ों में पुलिस पर फायरिंग के जवाब में बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Jun 21, 2025 - 12:06
 0
24 घंटे में मुठभेड़ः कमलानगर में गोली चलाने वाला और शमसाबाद में मोटर चोर घायल
आगरा पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए दो बदमाश पुलिस की गिरफ्त में।

कमलानगर पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा गोलीकांड का आरोपी

थाना कमलानगर क्षेत्र के तेजनगर गुम्मट में शुक्रवार को घर के बाहर बैठे अमित नामक युवक को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी एल्विश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी ने बताया कि तेजनगर गोलीकांड में कुल छह आरोपी नामजद किए गए थे। एल्विश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि आरोपी आगरा से बाहर भागने की फिराक में यमुना नदी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही एल्विश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल वह अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती है। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

शमसाबाद में मोटर चुराकर भाग रहा था बदमाश, गोली लगते ही दबोचा

थाना शमसाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार देर रात बाईपास रोड महरमपुर पर एक शातिर चोर मनोज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके साथ मौजूद चार अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

एसीपी गिरीश कुमार के अनुसार, इरादतनगर की तरफ से एक संदिग्ध टाटा मैक्स वाहन आता दिखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन नहीं रुका। कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे रोक लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनोज के पैर में गोली लगी और वह मौके पर पकड़ा गया।

गिरफ्तार मनोज के कब्जे से चोरी की गई मोटर, तार, एक तमंचा और मैक्स वाहन बरामद हुआ है। मनोज बाह क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर गैंगस्टर एक्ट, लूट व चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके चार फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor