हिंदुस्तान कॉलेज के छात्रों ने आगरा मेट्रो में प्रयोग की गई नवीनतम तकनीक को जाना
आगरा। हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के 30 छात्रों के एक समूह ने 4 शिक्षकों के साथ आगरा मेट्रो स्टेशनों का दौरा किया।
उन्होंने ताज महल मेट्रो स्टेशन से ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। इस दौरान उत्साहित छात्रों ने सेल्फी ली और मेट्रो ट्रेनों और स्टेशनों के संचालन और प्रबंधन के बारे में जानकारी ली।
इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा के छात्रों ने एएफसी प्रणाली (ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन), स्टेशन में सीसीटीवी, मेनलाइन में ट्रेन के संचालन और आगरा मेट्रो की कई अन्य विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डिपो परिसर में भ्रमण कर मेट्रो ट्रेक्शन प्रणाली के बारे में जाना। इस दौरान मेट्रो के आधिकारियों ने छात्रों को विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया।