आगरा में सैंया क्षेत्र के नदीम गांव में चकरोड की पैमाइश के दौरान बवाल: राजस्व टीम के सामने दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, अधिकारियों को जान बचाकर भागना पड़ा
आगरा। आगरा के थाना सैंया क्षेत्र के गांव नदीम में सोमवार को चकरोड की पैमाइश कराने पहुंची राजस्व टीम के सामने उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। हंगामे के दौरान राजस्व अधिकारियों के साथ भी अभद्रता किए जाने तथा गलत पैमाइश का आरोप लगाते हुए उन्हें घेरने की कोशिश की गई। हालात बिगड़ते देख राजस्व टीम को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
चकरोड पर कब्जे की शिकायत पर पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार थाना सैंया क्षेत्र के गांव नदीम में चकरोड पर अतिक्रमण और कब्जे की शिकायत के बाद तहसील खेरागढ़ से राजस्व विभाग की टीम पैमाइश करने पहुंची थी। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार हरीशंकर दुबे एवं अनुज दीक्षित कर रहे थे। राजस्व कर्मी निर्धारित चकरोड की पैमाइश कर रहे थे।
पैमाइश के बीच दो पक्ष आमने-सामने
पैमाइश के दौरान विद्याराम पक्ष और सौदान सिंह पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राजस्व टीम पर लगाए गंभीर आरोप
मारपीट के दौरान कुछ ग्रामीणों ने राजस्व टीम पर पैसे लेकर गलत पैमाइश करने का आरोप लगाया। आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें घेरने का प्रयास किया गया। स्थिति बिगड़ती देख राजस्व टीम मौके से हट गई और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही थाना सैंया पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मौके पर शांति व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। राजस्व अधिकारियों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।