भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप का आगरा में भव्य स्वागत, हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान के गुरुवार को आगरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। टूंडला टोल प्लाजा से गांधी नगर कॉलोनी तक निकले स्वागत जुलूस के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान चौहान ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और पार्टी में उनकी कभी उपेक्षा नहीं होती।

Jul 9, 2026 - 17:40
 0
भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप का आगरा में भव्य स्वागत, हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान का स्वागत करते भाजपाई।

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान के गुरुवार दोपहर आगरा पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। टूंडला टोल प्लाजा से लेकर गांधी नगर कॉलोनी स्थित उनके आवास तक स्वागत जुलूस निकाला गया। जगह-जगह फूलों की वर्षा, माल्यार्पण और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का अभिनंदन किया।

स्वागत जुलूस में सैकड़ों चार पहिया और दोपहिया वाहन शामिल होने से आगरा-टूंडला हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रदेश महामंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और आम यात्रियों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की सबसे बड़ी ताकत

स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का वास्तविक आधार उसके देवतुल्य कार्यकर्ता हैं। संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और निष्ठा से ही बढ़ती है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और पार्टी में किसी भी कार्यकर्ता की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाता है और संगठन में आगे बढ़ने के अवसर सभी को समान रूप से मिलते हैं।

लगातार दूसरी बार बने प्रदेश महामंत्री

गांधी नगर कॉलोनी निवासी रामप्रताप सिंह चौहान को भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश का प्रदेश महामंत्री बनाया है। इससे पहले वे एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था, लेकिन संगठन ने उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। हाल ही में प्रदेश संगठन के विस्तार के दौरान भी पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए दोबारा इसी महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है।

टूंडला टोल प्लाजा से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला

रामप्रताप सिंह चौहान गुरुवार को लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए आगरा पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा जिला इकाई की ओर से जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां के नेतृत्व में टूंडला टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उनका काफिला विजय नगर, एत्मादपुर, कुबेरपुर और अन्य स्थानों से होता हुआ गांधी नगर कॉलोनी पहुंचा। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया और भाजपा के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

एत्मादपुर और कुबेरपुर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

एत्मादपुर और कुबेरपुर चौराहे पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहले से मौजूद रहे। जैसे ही प्रदेश महामंत्री का काफिला वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। हाईवे किनारे बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी और लंबा वाहन काफिला होने के कारण एत्मादपुर तथा कुबेरपुर चौराहों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।

स्वागत जुलूस बना चर्चा का विषय

प्रदेश महामंत्री के स्वागत में निकला विशाल जुलूस पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। समर्थकों के उत्साह और बड़ी संख्या में शामिल वाहनों के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि पुलिस और यातायात कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया।