ताजगंज के बसई में युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
आगरा। ताजमहल से कुछ किलोमीटर दूर ताजगंज थाना क्षेत्र की बसई चौकी अंतर्गत एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। घटनास्थल पर जुटी भीड़ और पुलिस टीम ने जब शव को देखा तो उस पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। मृतक की पहचान बिलाल के रूप में हुई है।
गले पर धारदार हथियार के निशान, दोनों हाथों की नसें कटी मिलीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
धारदार हथियार से हत्या की आशंका
शव सड़क किनारे पड़ा मिला और गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। युवक के दोनों हाथों की नसें भी कटी हुई थीं, जिससे पुलिस इसे निर्मम हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है। शव की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों से हुई। मृतक का नाम बिलाल था और वह जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का निवासी था। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत है। ताजगंज पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित हत्या का लग रहा है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिलाल वहां कैसे पहुंचा और किसके साथ था।
पुलिस को जल्द खुलासे की उम्मीद
ताजगंज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ ही मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।