आगरा में भक्ति और आस्था का संगम: संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु, श्रीराम कथा में गूंजे संस्कार और कर्तव्य के संदेश

आगरा। शहर में शनिवार को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आयोजित श्याम मनुहार संकीर्तन में भक्त भजनों की मधुर धुनों पर झूमते नजर आए, तो वहीं शास्त्री नगर के लंगड़े की चौकी स्थित श्री हनुमंत धाम में चल रही श्रीराम कथा में भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं और आदर्श जीवन के संदेशों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कारों का संदेश दिया गया। दोनों ही आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और देर तक भक्ति व आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।

Mar 14, 2026 - 22:24
Mar 14, 2026 - 22:24
 0
आगरा में भक्ति और आस्था का संगम: संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु, श्रीराम कथा में गूंजे संस्कार और कर्तव्य के संदेश
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आयोजित श्री श्याम मनुहार संकीर्तन में भजनों पर झूमते श्रद्धालु।

श्याम मनुहार संकीर्तन में भक्ति का सागर, फूलों और इत्र की होली में सराबोर हुए भक्त

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा द्वारा श्री श्याम मनुहार संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। संकीर्तन में श्याम बाबा के मधुर भजनों से पूरा एसी हॉल श्याममय हो गया और श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर देर रात तक झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मनोज गोयल और मनीष अग्रवाल ने श्याम बाबा की पावन ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद श्याम नाम के जयकारों के साथ संकीर्तन आरंभ हुआ और मंदिर परिसर में भक्ति व उल्लास का वातावरण छा गया।

बरेली के सुप्रसिद्ध भजन गायक मारुति शर्मा ने “हारे के सहारे खाटू वाले श्याम हमारे”, “तेरी जय हो खाटू वाले तेरी महिमा अपरम्पार” और “मेरे श्याम बाबा का दरबार निराला है” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वहीं स्थानीय गायक अनूप गोयल और प्रबल गोयल ने “मेरा श्याम बड़ा ही दयालु है”, आयो श्याम मेरे दरबार... और खाटू वाले श्याम तेरी जय-जयकार....जैसे भजनों से ऐसा भक्ति रंग जमाया कि श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर श्याम बाबा की जय के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर सोनू गोयल ने श्याम बाबा का दिव्य श्रृंगार कर भव्य दरबार सजाया। फूलों और रोशनी से सजे इस अलौकिक दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। संकीर्तन के दौरान फूलों और इत्र की होली भी खेली गई, जिसमें भक्त पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर हो गए। अंत में श्याम बाबा की सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

श्रीराम कथा में बाल लीलाओं और गुरु आज्ञा पालन के प्रसंग

लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में चल रही श्रीराम कथा में प्रसंग सुनाते कथा व्यास भरत उपाध्याय।

इधर गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर स्थित श्री हनुमंत धाम में चल रही 10 दिवसीय श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस पर भगवान श्रीराम और उनके तीनों भाइयों की बाल लीलाओं, गुरु आज्ञा पालन और करुणा के प्रेरणादायक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

कथा व्यास भरत उपाध्याय ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि चारों भाइयों के बचपन में ही प्रेम, त्याग, अनुशासन और परस्पर सम्मान की भावना दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि आज के समय में भाई-भाई के बीच बढ़ती दूरियों को देखते हुए राम और उनके भाइयों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

इसके बाद उन्होंने महर्षि विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण के वन गमन का प्रसंग सुनाया और कहा कि गुरु के आदेश का पालन करना ही सच्चे शिष्य का धर्म है। भगवान श्रीराम ने अपने पिता की आज्ञा और गुरु के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए विश्वामित्र के साथ वन जाने का निर्णय लिया, जो आज की पीढ़ी के लिए अनुशासन और कर्तव्य पालन का बड़ा उदाहरण है।

कथा के दौरान अहिल्या उद्धार का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम के चरण स्पर्श से अहिल्या का उद्धार हुआ। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि भगवान की कृपा से जीवन के कष्ट दूर हो सकते हैं और समाज में करुणा व संवेदना का भाव बनाए रखना चाहिए।

श्री हनुमंत धाम के महंत गोपी गुरु जी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मानवता के लिए आदर्श है। उनकी बाल लीलाएं हमें संस्कारों का महत्व समझाती हैं और गुरु-शिष्य परंपरा का आदर्श प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को रामकथा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनमें नैतिकता, अनुशासन और संस्कारों का विकास हो सके।

इस अवसर पर व्यास पूजन एवं आरती आदर्श नंदन गुप्ता, महंत गोपी गुरु, पुष्कल गुप्ता, राजदीप सिंह ग्रोवर, सचिन शुभ शर्मा, कुलदीप शर्मा, समान अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, रमा उपाध्याय और जुगनू शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने की।

SP_Singh AURGURU Editor