अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेली में ‘अस्मिता लीग’ का जोश: डोरी लाल स्टेडियम में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित खेल प्रतियोगिताओं में महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बरेली के डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता ‘अस्मिता लीग’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘अस्मिता’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना और उन्हें नई उपलब्धियों की ओर प्रेरित करना है।

खेल प्रतियोगिता की विजेता व अन्य प्रतिभागी प्रमाण पत्रों के साथ।
बरेली में इस कार्यक्रम का आयोजन माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। यह प्रतियोगिता माय भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त समन्वय से खेलो इंडिया योजना के ‘स्पोर्ट्स फॉर विमेन’ घटक के अंतर्गत आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ रस्साकशी जैसी मनोरंजक और सामूहिक खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल रहीं। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती स्नेहलता गंगवार, मेरा युवा भारत की उपनिदेशक श्रीमती पुष्पा सिंह, मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा, अनीता नागर और प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना राजपूत भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण और खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए युवतियों और महिलाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन अनुज शर्मा द्वारा किया गया तथा खेल प्रशिक्षकों के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही माय भारत वॉलंटियर्स विशाल यादव, आलोक, तरुण, शिवांग, काजल, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह और महिला मंडल अध्यक्ष सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।