आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, दो लोग गंभीर घायल, जैतपुर में बेकाबू ट्रक विद्युत खंभे से टकाराया
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब गोरखपुर से दिल्ली जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक और दुर्घटना जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पशु को बचाने के प्रयास में ट्रक विद्युत खंभे से जा टकराया।
जानकारी के अनुसार हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 25.600 पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार गोरखपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की राहत एवं सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल दोनों लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायल दिल्ली के निवासी हैं और उनके नाम मनीष और राकेश बताये गये हैं। दोनों गोरखपुर से चलकर दिल्ली जा रहे थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गये।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर लगातार तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। बावजूद इसके कई चालक सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं।
जैतपुर में विद्युत खंभे से टकराया ट्रक, बड़ा हादसा टला

दूसरी सड़क दुर्घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के नटहौली गांव के पास हुई, जहां सड़क पर मौजूद एक पशु को बचाते समय अचानक अनियंत्रित हुआ ट्रक विद्युत पोल से टकराया। ट्रक की टक्कर से पोल टूट गया। पास में ही मौजद एक दुकान और मकान दीवार क्षतिग्रस्त होने से बाल-बाल बचे। दुकान के सामने लगा टिन शेड ट्रक की चपेट आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
Top of Form