आगरा–जयपुर हाईवे पर लेदर पार्क के सामने एक्सीडेंट: बाइक और टेम्पो भिड़े, युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत

आगरा–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थाना किरावली क्षेत्र के महुअर लेदर पार्क के सामने हुआ, जहां बाइक और टेम्पो की आमने-सामने टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

Mar 6, 2026 - 22:48
 0
आगरा–जयपुर हाईवे पर लेदर पार्क के सामने एक्सीडेंट: बाइक और टेम्पो भिड़े, युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
हादसे में मृत युवक।

आगरा। आगरा–जयपुर हाईवे पर थाना किरावली क्षेत्र के महुअर लेदर पार्क के सामने शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और टेंपो की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

आगरा-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार को बाइक-टेम्पो की टक्कर के बाद मौके पर पड़ी बाइक और आसपास जुटी भीड़।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद टेम्पो चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही फरार टेम्पो चालक की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हाईवे पर लगे कैमरों की मदद से भी टेम्पो चालक की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। युवक की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी।

इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए आगरा–जयपुर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने संभालते हुए मार्ग को सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor