शादी का झांसा देकर होटल में ले जाकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, एक साल तक भरोसे में रखने के बाद कोर्ट मैरिज के बहाने बुलाया, सिकंदरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
आगरा। सिकंदरा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से कथित दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर युवती को लंबे समय तक विश्वास में रखा और बाद में कोर्ट मैरिज के बहाने बुलाकर होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना सिकंदरा में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसकी पहचान आरोपी पंकज से हुई थी। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और करीब एक वर्ष तक उसे भरोसे में रखकर संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में कोर्ट मैरिज कराने का झांसा देकर उसे बुलाया गया और होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना सिकंदरा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर सिकंदरा पुलिस ने आरोपी पंकज को लोहकरेरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।