आगरा में फिटनेस खत्म स्कूल बसों पर कार्रवाई, 90 दिन निलंबन और परमिट रद्द के आदेश
आगरा में आयोजित 55वीं संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में स्कूल बसों की फिटनेस को लेकर सख्त कदम उठाए गए। 6 महीने से अधिक समय से फिटनेस समाप्त वाहनों के परमिट निलंबित और 3 साल से अधिक समय वाले वाहनों के परमिट रद्द करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए परमिट नियमों को मंजूरी और इंटर-डिवीजन संचालन को अनुमति दी गई।
संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में बड़े फैसले
आगरा। आगरा में मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में 55वीं संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक लघु सभागार में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा से हुई, जिसमें कई अहम बिंदुओं पर प्रगति का आकलन किया गया।
पिछले तीन महीनों के आंकड़ों ने परिवहन विभाग की सक्रियता को साफ दिखाया। बैठक मे बताया गया कि आगरा में 627 नए परमिट, 139 नवीनीकरण, 390 का निरस्तीकरण किया गया है। फिरोजाबाद में 511 नए परमिट, 19 नवीनीकरण, 410 निरस्तीकरण, मथुरा में 589 नए परमिट, 46 नवीनीकरण, 333 निरस्तीकरण और मैनपुरी में 376 नए परमिट, 10 नवीनीकरण, 217 का निरस्तीकरण किया गया है। इन आंकड़ों से साफ है कि नियमों के उल्लंघन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है।
परमिट ‘होल्ड’ करने का विकल्प
बैठक में उ0प्र0 शासन की 9 अप्रैल 2026 की अधिसूचना को अंगीकृत करते हुए नियम 84 में संशोधन को स्वीकृति दी गई। अब परमिट धारक यदि किसी अवधि में वाहन का संचालन नहीं करना चाहता, तो वह निर्धारित फीस के साथ ऑनलाइन आवेदन कर परमिट को अस्थायी रूप से निष्क्रिय (होल्ड) कर सकता है।
स्कूल बसों पर कड़ा एक्शन
बैठक में सबसे सख्त रुख स्कूल वाहनों को लेकर अपनाया गया। बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस समाप्त हुए 6 माह से अधिक हो चुके हैं, उन वाहनों के परमिट 90 दिनों के लिए निलंबन किए जाएं। वहीं आगरा सम्भाग में बड़ी संख्या में शैक्षणिक संस्थान की निजी सेवा यान (स्कूल बस) का संचालन किया जा रहा है, जिनकी फिटनेस और परमिट दोनों समाप्त हो चुकी हैं। प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान उन्हें नोटिस भी जारी किए गये हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए गये कि ऐसे स्कूल वाहन जिनकी फिटनेस समाप्त हुए 3 वर्ष से अधिक हो चुके हैं उनके परमिट निरस्त किए जाएं तथा 3 वर्ष की अवधि से कम फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों के स्वामी/स्कूल प्रबन्धकों को कड़े नोटिस जारी किए जाएं। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
स्कूल बस परमिट का इंटर-डिवीजन उपयोग मंजूर
एक अहम फैसले में आगरा संभाग के स्कूल वाहनों को अन्य संभागों में और अन्य संभागों के स्कूल वाहनों को आगरा में संचालन की अनुमति दी गई, जिससे परिवहन व्यवस्था में लचीलापन आएगा।
बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह, आरटीओ अरुण कुमार, आरटीओ प्रवर्तन अखिल द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।